पडरौना। जिला स्टेडियम में 5.53 करोड़ की लागत से बाल तरणताल बनकर तैयार हो गया है। इसे अप्रैल में चालू कर दिया जाएगा। इसका निर्माण पूरा होने से कुशीनगर में तैराकों को तैयार करने में खेल विभाग को सहूलियत होगी।
वहीं स्टेडियम परिसर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का वातानुकूलित जिम, कबड्डी, कुश्ती, बॉक्सिंग और जुडो हॉल का निर्माण भी तेजी से चल रहा है। इसके निर्माण पर करीब 20 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसका निर्माण कार्य 2027 तक पूरा कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इसका निर्माण कार्य पूरा होने के बाद नियमित अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को सहूलियत मिलेगी।
जिला स्टेडियम में चार से 12 फिट गहराई का तरण ताल पहले से संचालित है। यहां अप्रैल से सितंबर तक 100 से अधिक खिलाड़ी अभ्यास करते हैं। यहां बाल तरण ताल नहीं था। इसके चलते जिले के छोटे खिलाड़ियों को तैराकी का अभ्यास करने में परेशानी होती थी। अनहोनी के डर से कई बाल खिलाड़ी पहले से बने तरण ताल में गहराई अधिक होने के चलते नहीं जाते थे। इस समस्या काे देखते हुए स्टेडियम परिसर में तरण ताल के पास ही 5.53 करोड़ रुपये की लागत से एक दूसरा बाल तरण ताल का निर्माण कराया गया है।