कसया। नगर क्षेत्र के मणिपुरम परसौनी मुकुंदहा में बृहस्पतिवार को अज्ञात कारणों से गन्ने की फसल में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और खेत में खड़ी गन्ने की फसल धू-धू कर जलने लगी, जिससे किसानों में हड़कंप मच गया।
गन्ने की फसल में आग लगते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद ग्रामीणों द्वारा तत्काल 112 नंबर पुलिस एवं अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। सूचना पर 112 नंबर की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
कुछ देर बाद दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गन्ने की फसल काफी हद तक जल चुकी थी। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल अजय दुबे भी मौके पर पहुंचे और क्षति का निरीक्षण कर आवश्यक जांच की। पीड़ित दिनेश कुमार ओझा ने एसओ कसया को तहरीर देकर घटना से अवगत कराया। आग से उनका गन्ना पूरी तरह जल गया।