पडरौना। तस्करों को पकड़ने के लिए पुलिस की ओर अपनाए गए हथकंडे एक बार फिर नाकाम हो गए। बिना तैयारी पहुंची पुलिस के सामने से ही तस्कर भाग निकले। घेराबंदी के बाद भाग रहे पिकअप को सादे लिबास में मौजूद पटहेरवा थाने का सिपाही ने दौड़ाया तो चालक ने सिपाही पर ही पिकअप चढ़ाने का प्रयास किया।
बचाव के लिए सिपाही ने पिकअप पर ईंट से वार कर दिया, जिसमें पिकअप के आगे का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया, बावजूद इसके चालक पिकअप लेकर फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, पटहेरवा और तमकुहीराज थाना क्षेत्र के फाजिलनगर मार्ग पर पिपरा कनक में तस्करों के होने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रैक्टर-ट्राॅली और ट्रक को बैरियर के रूप में सड़क पर लगाया और तस्करों को रोकने का प्रयास किया। मगर पुलिस की घेराबंदी देख अलर्ट हुए तस्करों ने पिकअप का बैक गियर लगाकर गाड़ी मोड़ी और वहां से फरार हो गए। बहुत देर तक पुलिस की लापरवाही और तस्करों के बुलंद हौसलों के कारण अफरा-तफरी मची रही। इधर, पुलिस ने पिकअप के आगे आ रही एक कार से कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। चर्चा यह है कि यह शराब से भरी खेप को लाइनर की भूमिका में रास्ता दिखा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप के आगे चल रहे एक कार सवार को पुलिस ने रोक लिया और थाने ले गई। यह लाइनर की भूमिका में आगे-आगे चल रहे थे। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने कुछ संदिग्धों को उठाया है जिनको मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर गुडवर्क दिखा सकती है। घेराबंदी के बाद भाग रहे पिकअप की ओर सादे लिबास में मौजूद पटहेरवा थाने का सिपाही ने दौड़ाया तो चालक सक्रिय हो गया और पिकअप को उसपर चढ़ाने का प्रयास किया। इससे बचने के लिए सिपाही ने ईंट से वार कर दिया, जिससे पिकअप के आगे का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। बावजूद इसके चालक नहीं पकड़ा गया।