पडरौना। सावन के तीसरे सोमवार को शहर समेत जिले के सभी शिवालयों में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। इस दौरान शंख ध्वनि और हर हर महादेव के जयघोष से शिवालय गूंज उठे। मंदिर परिसर में लोगों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस के जवान तैनात रहे। सभी शिवालय परिसरों में मेले जैसा माहौल रहा।
श्रावण मास के तीसरे सोमवार को जिले के सभी प्रमुख शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए भोर में श्रद्धालु जुटने शुरू हो गए। श्रद्धालुओं ने भांग, धतूर, बेलपत्र, मंदार, शमी पत्र, पुष्प, गुड़, चंदन, अक्षत और गंगाजल आदि अर्पित कर शिवालयों में जलाभिषेक किया। शहर के भारतीय शिवाला मंदिर, प्राचीन कुबेरस्थान शिवमंदिर, करहिया शिवमंदिर, पथलेश्वरनाथ शिव मंदिर, भन्नुनाथ शिवमंदिर, लमुहा शिवमंदिर, सिद्घनाथ समेत सभी शिव मंदिरों में सोमवार की भोर से लेकर देर शाम तक लोगों ने पूजा की। दोपहर बाद कई शिवभक्तों ने शिवालयों में रुद्राभिषेक किया।
तमकुहीरोड संवाद के अनुसार सेवरही क्षेत्र में सावन माह के तीसरे सोमवार को बाबा पंचेश्वरनाथ शिव मंदिर शिवाघाट, पोखरा शिव मंदिर श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर, विश्वकर्मा शिव मंदिर जवाहर नगर, जीन बाबा का स्थान पकड़ीयार, राम जानकी शिव मंदिर पुरानी पुलिस चौकी चौराहा, गल्ला मंडी शिव मंदिर सहित राजपुर खाश, अहिरौलीदान, चखनी, रकबा दुलमा पट्टी, परसा उर्फ सिरिसिया, राजपुर बगहा, राजेंद्र नगर, जगदीश पुर, मिश्रौली, जोगनी, मलाही टोला, ब्रह्मपुर, पिरोजहा, दवनहा स्थित सभी शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं के आने का तांता लगा रहा। इसके चलते सभी मंदिर पुरे दिन हर हर महादेव व बोल बम के जयघोष से गुंजते रहा। श्रद्धालुओं वेलपत्र, भांग, धातुरा, गन्ने का रस, दुध, दही, शहद, चंदन आदि से भगवान शिव की पूजा अर्चना की और उनका जलाभिषेक किया।
रामकोला संवाद के अनुसार सावन के तीसरे सोमवार को क्षेत्र के शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। शिव भक्तों ने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन कर शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। सोमवार की सुबह कस्बा के धर्म समधा मंदिर परिसर स्थित महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, फूल और अक्षत अर्पित कर भगवान शिव से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। कई श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रूद्राभिषेक कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया।
गंगुआ बाजार संवाद के अनुसार क्षेत्र के शिवसरेया स्थित बाबा विशेश्वर नाथ महादेव मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को यूपी व बिहार के श्रदालुओं का जन सैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही मंदिर में श्रदालुओं का ताता लगा रहा। श्रदालुओं ने भगवान भोलेनाथ काे गंगाजल, दूध, दही, घी, शहद आदि से अभिषेक कर परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की। पूर्व प्रधान अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि यह प्राचीन मंदिर कई सौ वर्षो से है। यहां यूपी व बिहार के लोग दर्शन पूजन करते चले आ रहे हैं।
पडरौना क्षेत्र के सिंधुआ शिव मंदिर परिसर में जलाभिषेक करते भक्त। संवाद