तमकुहीराज (कुशीनगर)। डॉक्टर की फर्जी डिग्री तैयार कर बेचने वाले गिरोह के सरगना अलाउद्दीन की तलाश तेज हो गई है। गैंगस्टर की कार्रवाई के बाद गोरखपुर की पुलिस टीम अलाउद्दीन व उसके साथियों की तलाश में बिहार सहित अन्य संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
गिरोह के कुछ सदस्यों की लोकेशन प्रयागराज में मिली है। उसकी तलाश के लिए भी पुलिस टीम प्रयागराज भेजी गई है। आरोपियों के खिलाफ जरूरी साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस इनकी संपत्ति को कुर्क करने की भी कार्रवाई करेगी।
नगर पंचायत तमकुहीराज के हरिहरपुर निवासी अलाउद्दीन व उसके गिरोह से जुड़े गुर्गों की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। सूत्रों के मुताबिक कुछ वर्ष पूर्व तमकुहीराज कस्बा स्थित एक निजी पैथाॅलोजी सेंटर में बतौर सहायक नौकरी करने वाला अलाउद्दीन बाद में स्वास्थ्य विभाग का माहिर खिलाड़ी हो गया। स्वास्थ्य विभाग की कमजोरियों की जानकारी के बाद उसने गैरकानूनी ढंग से खूब लाभ उठाए और संपत्ति भी अर्जित किया। क्षेत्र के फाजिलनगर, सेवरही व तमकुहीराज आदि जगहों पर अलाउद्दीन बतौर संचालक निजी अस्पताल भी संचालित करता रहा है। फर्जी डॉक्टर की डिग्री बेचने वाले गिरोह से अलाउद्दीन का नाम जुड़ने के बाद तमकुहीराज कस्बा स्थित परी हॉस्पिटल को तत्कालीन डीएम के सख्त रुख के कारण स्वास्थ्य विभाग ने सील कर दिया था। अब निजी अस्पतालों और जांच सेंटर को फर्जी डिग्री बेचने वाले अलाउद्दीन व उसके साथियों की तलाश में अलग-अलग पुलिस टीम दबिश दे रही हैं। बुधवार की देर रात पुलिस टीम उसके तमकुहीराज के हरिहरपुर स्थित पैतृक आवास पर पहुंची, लेकिन वह मिला नहीं। अलाउद्दीन का मोबाइल बंद होने के कारण पुलिस को उसके सटीक लोकेशन की जानकारी नहीं मिल पा रही है। अलाउद्दीन के गुर्गों की लोकेशन प्रयागराज में मिली है। उनकी तलाश के लिए भी पुलिस टीम प्रयागराज भेजी गई है।