पडरौना। शहर के छावनी में आईटीआई कॉलेज जाने वाली सड़क का दो करोड़ की लागत से निर्माण कराया जाएगा। इसकी टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो गई है। पहले कच्ची सड़क होने के कारण आवागमन में छात्रों व शिक्षकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। बारिश के दिनों में जलभराव होने से मुसीबत और बढ़ जाती थी। ऐसे में इस सड़क के निर्माण के बाद छात्रों व शिक्षकों को आने-जाने में सहूलियत होगी।
शहर से कसया जाने वाले मार्ग पर छावनी से आगे आईटीआई कॉलेज है। मुख्य सड़क से महज 100 मीटर की दूरी कॉलेज जाने के लिए एकमात्र कच्ची सड़क है। इससे आवागमन में छात्रों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बरसात के दिनों में तो जलभराव की समस्या उत्पन्न होने से कॉलेज को या तो बंद कर दिया जाता था या फिर जलभराव से होकर छात्र व शिक्षक गुजरते थे। इस समस्या को देखते हुए सदर विधायक मनीष जायसवाल ने शासन को पत्र लिखकर पक्की सड़क निर्माण कराने व आईटीआई कॉलेज की व्यवस्थाओं को बेहतर करने की मांग की। शासन ने विधायक के पत्र का संज्ञान लेकर सड़क निर्माण समेत अन्य जरूरी कार्यों को पूरा कराने के लिए दो करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित कर दी है। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। चुनाव बीतने का कार्यदायी संस्था इंतजार कर रही थी। अब चुनाव खत्म होने के बाद शीघ्र निर्माण शुरू कराए जाने की उम्मीद है।