पडरौना। शहर में आवागमन को सुगम बनाने के लिए बकुलहा से पड़री तक सड़क का चौड़ीकरण कराया जाएगा। करीब 6.7 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर लगभग 15 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने सड़क के निर्माण का प्रस्ताव शासन काे भेज दिया है। सड़क के चौड़ीकरण के बाद शहर को वैकल्पिक बाईपास मिल जाएगा।
पडरौना से बकुहलहा के रास्ते पड़री तक जाने वाली यह सड़क नेबुआ नौरंगिया मार्ग को जोड़ती है। सड़क की लंबाई करीब 14 किलोमीटर है। वर्तमान में इस मार्ग पर पडरौना से बकुलहां तक 6.7 किलोमीटर चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। शेष 6.7 किलोमीटर सड़क अब भी तीन मीटर चौड़ी है।
सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है। खासकर शहर की ओर आने-जाने वाले वाहनों का दबाव बढ़ने पर जाम की स्थिति बन जाती है। जाम से निजात के लिए पीडब्ल्यूडी ने सड़क के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भेजा है। सड़क के चौड़ीकरण से मार्ग पर वाहनों के आवागमन के लिए अधिक जगह उपलब्ध होगी और लोगों को शहर के प्रमुख मार्गों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
बकुलहा से पड़री के बीच सड़क के चौड़ीकरण से आसपास के गांवों के लोगों को भी सहूलियत मिलेगी। उन्हें शहर तक आने-जाने में कम समय लगेगा। साथ ही बड़े वाहनों को शहर के अंदर से गुजरने की जरूरत कम होगी, जिससे मुख्य बाजार और प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव घटने की उम्मीद है। पीडब्ल्यूडी के एई सूबेदार यादव ने बताया कि प्रस्तावित निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यह बाईपास मार्ग का काम करेगा। इससे शहर में जाम की समस्या कम करने के साथ ही आवागमन व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। शासन की स्वीकृति के बाद टेंडर समेत अन्य प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।