जौरा बाजार। मधुरिया राजवाहा की पटरी पर बेइली से रहसू बाजार तक 1.6 किमी लंबी पिच सड़क खस्ताहाल हो गई है। इस पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं कि पता ही नहीं चलता कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क है। कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की ओर से इस सड़क का निर्माण जून 2019 में कराया था, जो सन् 2023 में ही पूरी तरह टूट कर बिखर गई। 2024 आते-आते यह सड़क में जगह-जगह गड्ढे बन गए। इस समय सड़क में केवल गड्ढे ही दिखाई दे रहे हैं।
पिछले दिनों 20 अक्टूबर 2023 को कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने इस सड़क का स्थानांतरण जिला पंचायत कुशीनगर को केवल चार साल चार माह बाद ही कर अपना पल्ला झाड़ लिया था। अगर बरसात के पहले सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो बरसात के समय रहसूबाजार, बेलवा कारखाना, नदवाबिशुनपुर, बेईली, मटिहनिया, अमवा श्री दूबे सहित कई गांवों का संपर्क मार्ग बंद हो जाएगा। क्षेत्र के लोगों ने अविलंब सड़क की मरम्मत की मांग की है।
इस संबंध में अपर मुख्य अधिकारी अखिलेश यादव ने कहा कि राज्यपाल का कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वह उस सड़क की जांच कराएंगे। बरसात के पहले सड़क बन जाएगी।