मकान कुर्क कराने पहुंची पुलिस को लौटना पड़ा
कसया(कुशनगर)। थानाक्षेत्र के बैरिया गांव स्थित एक मकान के स्वामित्व को लेकर चल रहे विवाद में मकान कुर्क करने गई पुलिस टीम को लौटना पड़ा। एसडीएम न्यायालय के आदेश पर पुलिस उस मकान को कुर्क कराने पहुंची थी।
कसया के पूर्व एसडीएम वरुण कुमार पांडेय के 13 मई के न्यायिक आदेश के अनुपालन में मुकामी पुलिस हीलाहवाली कर रही थी। आदेश पारित होने के 12 दिन बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई तो मंगलवार को वादी ने एसपी धवल जायसवाल से मिलकर पूरी बात बताई। उन्होंने तत्काल स्थानीय पुलिस को आदेश का पालन करने के निर्देश दिए। प्रभारी एसओ हरेराम यादव के नेतृत्व में मंगलवार शाम को मौके पर पुलिस पहुंची तो पेच फंस गया। पुलिस टीम को वादी ने बताया कि नए एसडीएम/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पूर्ण बोरा ने क्रियान्यवन पर मौखिक रोक लगा दी है।
सीओ कसया पीयूषकांत राय ने बताया कि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के मौखिक आदेश पर क्रियांयवन की कार्रवाई रोकी गई है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने मामले की समीक्षा होने तक आदेश का अमल टाल दिया है।