पडरौना। गलन भरी सर्दी का सितम बढ़ने लगा है। तापमान गिरने के साथ चल रही ठंडी हवा से लोग चर्म रोग से पीड़ित हो रहे हैं। शरीर में झुंझलाहट भी सोने नहीं दे रही है।
एक से दूसरे में बीमारी तेजी से फैल रही है। मेडिकल कॉलेज में ऐसे मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। हर दिन ओपीडी में इस तरह के 70 से अधिक मरीज पहुंच रहे। डॉक्टर दवा के साथ बचाव की भी सलाह दे रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि फंगस इंफेक्शन हर महीने मरीजों को परेशान करता है। इसको लेकर सावधानी बरतें। स्वशासी मेडिकल कॉलेज बाल रोग विभाग के डॉ. अनवर ने बताया कि फंगस इंफेक्शन हर महीने मरीजों को परेशान करता है। इसका इलाज सामान्य दवाओं से ही होता है, लेकिन खाज बेहद तेजी से फैलने वाली बीमारी है। एक से दूसरे मरीज के संपर्क में आने या कपड़े के संपर्क में आने से ही यह बीमारी फैलनी शुरू हो जाती है। खासकर इन दिनों इस बीमारी से बच्चे ज्यादा पीड़ित हो रहे हैं।
बदलते मौसम में खाज के साथ ही एग्जिमा सोराइसिस भी तेजी से फैल रही है। मेडिसिन विभाग के डॉ. उपेंद्र चौधरी ने बताया कि ओपीडी में आने वाले मरीजों में एलर्जी, घमौरी, रेड रैशेज, लाल रंग के छोटे-छोटे दाने आदि समस्याएं आ रही हैं।