बाइक और नकदी लूटकर भागे बदमाश
पिपरा बाजार। स्थानीय थाना के झरही नाला पुल पर मंगलवार देर रात रिश्तेदारी में जा रहे युवक की बाइक लूटकर बदमाश भाग गए। युवक का कहना है कि उसको चाकू दिखाकर बदमाशों ने नई बाइक, मोबाइल फोन और रुपये से भरा पर्स लूट लिया।
जटहां बाजार थाना के माघी गांव निवासी शैलेश यादव ने पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि वह मंगलवार की देर रात बाइक से नेबुआ नौरंगिया थाना के पटेरा बुजुर्ग गांव में अपनी बहन के घर जा रहे थे। दुबौली झरही नाला पुल के समीप पहुुंचे थे कि तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनको रोक लिया। उसके बाद उनकी बाइक, पांच हजार रुपये से भरा पर्स, मोबाइल फोन छीनकर बदमाश फरार हो गए। एसओ गिरजेश उपाध्याय ने बताया कि लूट का मुकदमा दर्ज करके छानबीन की जा रही है।
लेखपाल की बाइक चोरी
दुदही। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के दुदही एसबीआई की शाखा के पास से बुधवार की दोपहर में एक लेखपाल की बाइक चोरी हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसी टीवी फुटेज निकाली। पुलिस जांच कर रही है। पडरौन मडूरही के लेखपाल संतोष कुमार गुप्ता बैंक के पास किराए के मकान में रहते हैं। बुधवार को वह अपनी बाइक बैंक परिसर में खड़ी करके कमरे में चले गए। वापस आए तो उनकी बाइक नहीं थी। काफी देर तलाश के बाद भी बाइक नहीं मिली तो लेखपाल ने इसकी सूचना पुलिस को दी। विशुनपुरा के एसओ नरेंद्र राय ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।