तमकुहीराज। स्थानीय तहसील क्षेत्र के गांव बांसगांव टोला घूरपट्टी निवासी एक पीड़ित ने एसडीएम तमकुहीराज को शिकायती पत्र सौंप फर्जी ढंग से वरासत करा कर जमीन अपने नाम कराने वाले गांव के ही कुछ लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई।
तमकुहीराज तहसील क्षेत्र के बांसगांव के टोला घूरपट्टी निवासी सिकंदर मुसहर पुत्र लालू का आरोप है कि गांव के तीन लोग वर्ष 2006 में मेरे जीवित पिता लालू मुसहर को मृतक बता फर्जी दस्तावेज के सहारे चकबंदी विभाग की मिलीभगत से पैतृक जमीन का वरासत करा लिया। जबकि तीनों आरोपियों का मेरे परिवार से कोई रिश्ता नहीं है।
पीड़ित के पिता की मृत्यु वर्ष 2022 में हुई है। मामले की जानकारी के बाद पीड़ित कार्रवाई की मांग लेकर दस दिसंबर को मुख्यमंत्री जनता दर्शन में पहुंचा और कार्रवाई की गुहार लगाई।
एसडीएम तमकुहीराज आकांक्षा मिश्रा ने बताया मंगलवार को तहसीलदार तमकुहीराज के नेतृत्व में बांसगांव में विशेष कैंप का आयोजन कर समस्या का समाधान कराया जाएगा।