रहसू बाजार। चौराखास थाना क्षेत्र के धौरहरा निवासी इंद्रसेन ऊर्फ पिंटू सोनी की नदवा रोड पर शिव मंदिर के पास स्थित आभूषण की दुकान का बुधवार की रात ताला तोड़कर चोर तिजोरी में रखा पांच ग्राम सोना और ढाई सौ ग्राम चांदी समेत करीब दो लाख के आभूषण चुरा ले गए। बृहस्पतिवार को सुबह दुकान से कुछ दूरी पर स्कूल जा रहे बच्चों ने खेत में टूटी हुई तिजोरी देखी तो दुकानदार को चोरी की सूचना दी। मौके पर आई पुलिस पर मौजूद लोग भड़क गए और रात का गश्त नहीं करने का आरोप लगाए।
धौरहरा गांव निवासी इंद्रसेन रोज की तरह बुधवार की शाम को दुकान बंद कर घर चले गए। सुबह स्कूल जा रहे बच्चों ने दुकान से करीब तीन सौ मीटर दूरी पर खेत में टूटी तिजोरी देखकर शोर मचाया। आसपास के लोग पहुंचे तो तिजोरी पर चस्पा कागज पर इंद्रसेन का नाम लिखा था। लोगों को इंद्रसेन को फोन इसकी सूचना दी। इंद्रसेन पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। इंद्रसेन ने पुलिस को तहरीर दी।
उन्होंने बताया की तिजोरी में पांच ग्राम सोना, 250 ग्राम चांदी सहित पांच हजार रुपये थे। लोगों का कहना है कि रहसू बाजार चौराहा का आधा हिस्सा तुर्कपट्टी और आधा हिस्सा चौराखास थाना क्षेत्र में पड़ता है।