खड्डा। हनुमानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव से शादी की नियत से अपहृत युवती को पुलिस ने बरामद कर लिया है। इस मामले में लड़की के भाई की तहरीर पर देवरिया जनपद निवासी विवेक चौरसिया सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस लड़की का कोर्ट में बयान कराने की कार्रवाई कर रही है। चर्चा है कि दुल्हन के लिबास में थाने में लड़की बोली कि घरवालों से शादी करने को बोली थी तो नहीं किए। अपनी मर्जी से इनके साथ जाकर कोर्ट मैरेज की हूं।
हनुमानगंज थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर दिया था कि 12 जून को उसकी नाबालिग बहन को विवेक चौरसिया निवासी ग्राम पैकौली देवरिया भगा ले गया। विवेक अपने रिश्तेदारी में रहता था।
भगाने में उसके रिश्तेदार भी शामिल हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने विवेक चौरसिया व उसके रिश्तेदार एक महिला सहित तीन के खिलाफ 17 जून को मुकदमा दर्जकर छानबीन शुरू की थी। बृहस्पतिवार को पुलिस ने लड़की को बरामद करते हुए कोर्ट में बयान कराने के लिए भेजा। इस संबंध में हनुमानगंज के प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार पांडेय का कहना है कि तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। लड़की बरामद कर ली गई है, वह अपने को बालिग बता रही है। कोर्ट में बयान कराया जा रहा है बयान के बाद अग्रिम कार्रवाई होगी।
माता-पिता पर मारने की धमकी देने का लगाया आरोप
मांग में सिंदूर लगाए दुल्हन के लिबास में युवती का एक वीडियो सामने आया है। हालांकि इस वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है। वीडियो में लड़की अपने को बालिग बता अपनी मर्जी से युवक के साथ जाने की बात कह रही है। माता-पिता पर मारने की धमकी देने का आरोप लगा रही है।