सीताराम चौराहा। क्षेत्र के राजापाकड़ स्थित टेल के पास बुधवार को चौपाल का आयोजन हुआ। इसमें चाफ रजवाहा के धर्मपुर माइनर और पाकड़ माइनर से जुड़े गांव के किसानों ने माइनर में हेड से टेल तक पानी नहीं आने का मुद्दा उठाया। चौपाल में किसानों की समस्याओं का समाधान करते हुए नहरों का रखरखाव, पानी का सही उपयोग, सफाई व जल संरक्षण आदि बिंदुओं पर चर्चा की गई।
सहायक अभियंता प्रविंद कुमार मिश्र ने कहा कि सिंचाई विभाग की तरफ से नहर व माइनरों के हेड से टेल तक जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। सभी किसानों को बराबरी के आधार पर समय पर पानी उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।
अवर अभियंता ज्ञानेश्वर राय ने माइनरों की वर्तमान स्थिति से किसानों को अवगत कराते हुए आवश्यक सुधार कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सिंचाई संबंधी शिकायतें विभागीय हेल्पलाइन नंबर पर दर्ज कराई जा सकती हैं। पोर्टल के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है, जिससे समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके।
चौपाल की अध्यक्षता भारतीय किसान संघ के गोरक्ष प्रांत के कोषाध्यक्ष हरिगोविंद मिश्र ने की। इस दौरान सींच पर्यवेक्षक राकेश कुमार, संतोष कुमार, श्रीराम सिंह आदि मौजूद रहे।