पडरौना। बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट के सामने स्थित बुद्घा पार्क में अखिल भारतीय प्रधान संगठन का कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ। इसमें गांवों के निर्माण कार्यों में आ रही विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। इसके बाद सीएम को संबोधित नौ सूत्रीय ज्ञापन एडीएम को सौंपा गया।
कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी ने कहा कि शासन प्रशासन की ढुलमुल नीति की वजह से प्रदेश के प्रधान धर्मसंकट की स्थिति से गुजर रहे हैं। शासन से स्वीकृत विकास कार्यों के लिए संसाधन न मिलने से विकास कार्य नहीं हो रहा है। बालू और गिट्टी उपलब्ध नहीं होने से गांव में शौचालय निर्माणाधीन हैं और उसे शीघ्र पूरा कराने के लिए शासन व प्रशासन की तरफ से दबाव बनाया जा रहा है।
इस सम्मेलन को संगठन के जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश यादव, हेमंत गुप्ता, गेंदा सिंह, रामधारी यादव, अजीत कुमार दुबे सहित कई प्रधानों ने संबोधित किया। इसके बाद संगठन के पदाधिकारी एडीएम कृष्णलाल तिवारी से मिले। उन्हें अपना नौ मांगों का ज्ञापन सौंपा।
इनके ज्ञापन में 73वें संसोधन को पूर्ण रुप से लागू करने, ग्राम प्रधानों के मानदेय में वृद्घि करने, प्रधानमंत्री आवास योजना को पूर्णरूप से ग्राम प्रधानों के अधीन करने, बालू व मिट्टी की आपूर्ति तत्काल प्रभाव से कराने, प्रधानों से संबंधित शिकायत बिना नोटरी बयान हल्फी के स्वीकार नहीं किए जाने और प्रधानों की सुरक्षा व अधिकारों के प्रति शासन को गंभीर होने से संबंधित मांगें शामिल थीं।
इस दौरान अरुण कुमार चौधरी, गोरखनाथ मिश्र, ओमप्रकाश यादव, विनोद कुशवाहा, प्रद्युम्न तिवारी, शैलेंद्र प्रताप सिंह, विरेंद्र कुमार सिंह, यशवंत सिंह, राजेश कुमार गुप्ता, व्यास वर्मा, नंदलाल तिवारी, सुरेंद्र यादव, रीता देवी समेत तमाम प्रधान मौजूद रहे।