- ननिहाल पक्ष के लोगों ने लगाया था हत्या का आरोप
पडरौना। सेवरही नगर पंचायत के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर निवासी अमित राय की चार वर्षीय बेटी धन्वि की मौत के मामले में बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई। रिपोर्ट में फेफड़े में दूध चले जाने से मौत होने की पुष्टि हुई है। हालांकि, आगे की जांच के लिए बच्ची का विसरा सुरक्षित रखा गया है।
गौरतलब है कि अमित राय की शादी 31 मई 2017 को बिहार के गोपालगंज जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र के छवही तकिया गांव निवासी स्मिता राय से हुई थी। शादी के बाद पहली संतान के रूप में बेटी अंशी का जन्म हुआ। इसके बाद स्मिता ने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। इनमें बेटा धनु और बेटी धन्वि थी। प्रसव के दौरान स्मिता की मौत हो गई थी। इसके बाद तीनों बच्चों के पालन-पोषण की जिम्मेदारी अमित पर आ गई।
मार्च 2026 में अमित ने रविंद्रनगर धूस थाना क्षेत्र के भिस्वा सरकारी गांव निवासी प्रभुनाथ राय की बेटी स्वीटी से दूसरी शादी कर ली। परिजनों के मुताबिक, मंगलवार रात धन्वि को दूध पिलाने के बाद परिवार के लोग सोने चले गए थे। बुधवार सुबह जब घरवालों ने उसे जगाने की कोशिश की तो उसमें कोई हलचल नहीं हुई। घबराए परिजन उसे तत्काल सीएचसी सेवरही ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
बच्ची की मौत की सूचना पर उसके ननिहाल पक्ष के लोग भी पहुंच गए। बच्ची के मामा अभिषेक सिंह समेत अन्य परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई थी। उन्होंने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
थानाध्यक्ष मनोज वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची के फेफड़े में दूध चले जाने से मौत होने की पुष्टि हुई है। हालांकि, विसरा भी सुरक्षित रखा गया है। उसकी जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।