मेडिकल कॉलेज के ओपीडी पहुंच रहे 200 से अधिक मरीज
धूप की कमी, खान-पान में बदलाव, मोटापा और शारीरिक निष्क्रियता वजह
पडरौना। धूप से दूरी और बिगड़ी खानपान की आदतें लोगों की हड्डियों पर भारी पड़ रही हैं। मेडिकल कॉलेज के हड्डी रोग विभाग की ओपीडी में पहुंच रहे हर चौथे मरीज में विटामिन डी की कमी के लक्षण मिल रहे हैं। कमर, घुटने और जोड़ों के दर्द के साथ मांसपेशियों में खिंचाव की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
मेडिकल कॉलेज में बृहस्पतिवार को हड्डी रोग विभाग की ओपीडी में मरीजों की भीड़ रही। यहां 200 से अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंचे। इनमें 20 से 25 मरीज फ्रैक्चर और चोट से संबंधित थे, जबकि अन्य मरीज कमर, घुटने और जोड़ों के दर्द से परेशान थे।
हड्डी रोग विभागाध्यक्ष डॉ. गजेंद्र शर्मा ने बताया कि कमर और जोड़ों के दर्द की शिकायत लेकर आने वाले कई मरीजों में विटामिन डी की कमी के लक्षण मिल रहे हैं। इसकी कमी से हड्डियों की मजबूती प्रभावित हो सकती है। उन्होंने बताया कि कुछ लोग दिन का ज्यादातर समय बंद कमरों और कार्यालयों में बिताते हैं। इससे उन्हें पर्याप्त प्राकृतिक धूप नहीं मिल पाती। इसके अलावा फास्ट फूड और जंक फूड का अधिक सेवन तथा दूध, दही और पनीर जैसे पौष्टिक खाद्य पदार्थों का कम सेवन भी पोषण संबंधी समस्याओं की वजह बन सकता है।
उन्होंने बताया कि शारीरिक गतिविधियां कम होने और वजन बढ़ने से भी हड्डियों और मांसपेशियों पर असर पड़ता है। ऐसे में संतुलित खानपान और नियमित शारीरिक गतिविधियां जरूरी हैं।
डॉ. एमएच खान ने बताया कि ओपीडी में प्रतिदिन 100 से 150 मरीज कमर दर्द, घुटनों और जोड़ों के दर्द की शिकायत लेकर पहुंचते हैं। इनमें बुजुर्गों के साथ नस दबने की समस्या से पीड़ित मरीज भी शामिल हैं। मरीजों को नियमित और संतुलित खानपान के साथ व्यायाम करने तथा शारीरिक सक्रियता बनाए रखने की सलाह दी जाती है।