जौरा बाजार। मायके में दवा कराने आई एक महिला ने छिनैती की घटना की सूचना तुर्कपट्टी पुलिस को दी थी। पुलिस की जांच में छिनैती की घटना फर्जी निकली। बिहार के गोपालगंज कटेया निवासी सुनीता देवी ने बुधवार तुर्कपट्टी पुलिस को सूचना दिया कि वह अपने मायका जोकवा बाजार में आई है। बुधवार की रात करीब एक बजे दरवाजे पर खटखट की आवाज सुनाई दी। जब दरवाजा खोला तो सामने एक व्यक्ति मुंह बांधे तथा हाथ में पिस्तौल लिए खड़ा था।
उसे देख जब घर में लौटने की कोशिश की तो वह व्यक्ति पिस्तौल के बल पर मंगल सूत्र और कुछ रुपये छीनकर भाग गया। उसी समय 112 नम्बर फोन करके बताया और मधुरिया पुलिस को सूचना दिया। इस मामले की जांच मधुरिया पुलिस चौकी प्रभारी ब्रह्म कुमार उपाध्याय ने की। उन्होंने जांच पड़ताल करते हुए सीसीटीवी फुटेज आदि की जांच की तो मामला फर्जी निकला। चौकी प्रभारी ने बताया कि महिला से छिनैती का मामला जांच में फर्जी मिला है। इसकी रिपाेर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।