सुकरौली (कुशीनगर)। हाटा कोतवाली के ठूठी में हो रहे विष्णु महायज्ञ के दौरान मंगलवार देर रात कुछ उपद्रवियों ने आगजनी और तोड़फोड़ की। अयोध्या के आचार्य रामायणी दास को भी एक कमरे में बंद कर दिया। यज्ञ स्थल पर मौजूद एक साध्वी ने भागकर जान बचाई। पुलिस ने इस मामले में छह नामजद समेत अन्य पर केस दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक नाबालिग है। अन्य आरोेपियों की तलाश के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
हाटा कोतवाली क्षेत्र के सुकरौली नगर पंचायत के ठूठी में विष्णु महायज्ञ चल रहा है। मंगलवार रात रामलीला के मंचन के बाद ग्रामीण चले गए। साधु-संत भी यज्ञशाला के समीप सोने चले गए। देर रात कुछ उपद्रवी यज्ञ मंडप पहुंचे और भगवान विष्णु की मूर्ति तोड़ दी। दो दुकानों और यज्ञशाला के समीप एक साध्वी की झोपड़ी में भी आग लगा दी। साध्वी ने भाग कर किसी तरह जान बचाई। इसके बाद उपद्रवियों ने यज्ञ में शामिल होने अयोध्या से आए आचार्य रामायणी दास की गाड़ी में तोड़फोड़ की और उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया।
घटनास्थल पर शोर सुनकर और आग की लपटें देख गांव वाले वहां पहुंचे तो उपद्रवी भाग निकले। इसके बाद ग्रामीणों ने आचार्य को कमरे से निकाला। यज्ञ समिति के रोशन यादव की तहरीर पर पुलिस ने छह नामजद और अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस ने विशेष, टाइगर और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। लोगों ने बाकी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
सीओ कुंदन सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर दो आरोपी एक बाल अपचारी को गिरफ्तारी की गई है। मौके पर शांति है।
-
चार दिन पहले हुए विवाद को लेकर की गई आजगनी और तोड़फोड़
समिति के सदस्यों के अनुसार, 12 अप्रैल को यज्ञ मंडप के समीप कुछ युवक सिगरेट पी रहे थे। साधु-संतों ने विरोध किया तो उन्हाेंने अभद्रता की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपियों को छोड़ दिया। मंगलवार को जब साधु संत सुकरौली बाजार गए तो उन लड़कों ने वहां भी उनसे अभद्रता की और अपशब्द कहे। वहां भी समिति के लोगों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस ने आरोपियों को फिर पूछताछ कर छोड़ दिया, जिसके बाद देर रात उन लोगों ने यज्ञशाला में तोड़फोड़ और आगजनी की। अगर पुलिस ने पहले ही कार्रवाइ की होती तो यह घटना नहीं होती।
दुकानों में लगाई आग, सामान जलकर राख
ठूठी में यज्ञ के दौरान हुई आगजनी में उपद्रवियों ने दो दुकानों को आग के हवाले कर दिया। इसमें हाटा कोतवाली के पिपरा हुमेल गांव के रहने वाले कोदई साहू और एक अन्य की दुकान शामिल है। आग से दोनों दुकानों का सामान जल गया। जब शोर शराबा हुआ तो अन्य दुकानदार जगे और आग बुझाने में लग गए। गांव के लोगों के सहयोग से जल्द ही आग पर काबू पा लिया गया, जिससे ज्यादा नुकसान नहीं हुआ।