पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर उर्फ कुर्मी पट्टी गांव में बृहस्पतिवार की रात को अज्ञात कारणों से लगी आग में तीन रिहायशी झोपड़ियां और एक गुमटी जलकर राख हो गई।
लक्ष्मीपुर उर्फ कुर्मी पट्टी निवासी ढोढ़ई सहानी की रिहायशी झोपड़ी में अचानक आग लग गई। तेज हवा के कारण देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास की तीन झोपड़ियों व एक गुमटी को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने की सूचना मिलते ही गांव के जोखू, कन्हैया, अलगू, रामनगिना, राजू, रामा आसरे, राधा कृष्ण पासलान, मिथलेश और सोनू अंसारी सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गए। हालांकि घर में रसोई रखे गैस सिलेंडर के फटने की आशंका से लोग काफी भयभीत रहे, जिससे आग बुझाने में कठिनाई हुई। ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को सूचना देने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। अंततः ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाया गया।संयोगवश इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन झोपड़ियों में रखा सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया।