बरवापट्टी। थाना क्षेत्र के रामपुर जमुनिया गांव में रविवार की दोपहर में आग लगने से 12 लोगों के घर जल गए। यह आग घूरे की चिनगारी से लगी। इस आगलगी में लाखों रुपये की संपत्ति जल गई। हियुवा और विहिप के लोग मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से अग्निपीड़ितों की मदद की मांग की।
बताया जा रहा है कि रामपुर जमुनिया में एक जगह किसी के घर की चूल्हे की राख घूरे पर फेंकी गई थी। दोपहर में तेज हवा चलने के कारण राख में दबी चिनगारी निकली और बगल में रखी लकड़ी में आग पकड़ लिया। इसके चलते तकरीबन 12 बजे राधा यादव के घर में आग लग गई। उसके बाद पड़ोसी शर्मा, गोधन, शिवपूजन, सफी, सुरेश, राजकुमार, लालपहाड़ी, राजाराम, घरभरन, मदन, मोतीचंद के घर भी आग की चपेट में आ गए। गांववालों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सूचना पर फायर ब्रिगेड और बरवापट्टी पुलिस मौके पर पहुंची गई थी। इस आगलगी में दो लाख रुपये से अधिक मूल्य के सामान जल कर नष्ट हो गए। विहिप के दिग्विजय किशोर शाही, अनिरुद्ध यादव, दुखी पटेल ने मौके पर पहुंचकर एसडीएम से वार्ता की और अग्निपीड़ितों को तत्काल राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की।