फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: आग ने बरपाया कहर...51 झोपड़ियों समेत गृहस्थी का सामान राख

Thu, 25 Apr 2024 06:08 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
विज्ञापन
मनिकौरा गांव में आग लगने से जलतीं झोपड़ियां।
विज्ञापन
पडरौना। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बुधवार को अज्ञात कारणों से लगी आग ने जमकर कहर बरपाया। इस आगलगी में 51 झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। जबकि झोपड़ियों के अंदर रखा अनाज, कपड़ा, बर्तन आदि गृहस्थी के सामान के अलावा नकदी व बाइक भी जल गई। घंटों मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड व गांव वालों ने आग पर काबू पाया।
विज्ञापन

पड़रौना कोतवाली क्षेत्र के मनिकौरा गांव के चिरईता टोले में बुधवार की शाम को अज्ञात कारणों से लगी आग से 22 झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। सबसे पहले रामायण की झोपड़ी में अज्ञात कारणों से आग लगी। तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और बगल के बिकाऊ, रामलखन, नंदू यादव, छोटे, हरेश शर्मा, वंशराज, रामबदन, रामू, रामायण, राम प्रसाद, ध्रुव यादव, दीनानाथ, बहारन, छोटेलाल, आनंद, सत्यनारायण, चंद्रिका,पृथ्वी, रविंद्र, गौतम, मराक्षी समेत 22 लोगों की झोपड़ियों को कुछ देर में भी जलाकर राख कर दिया। फायर ब्रिगेड की टीम ने गांव वालों की मदद से आग पर काबू पाया। लेखपाल रंजीत जायसवाल ने क्षति का आंकलन किया। वहीं, 28 मई को वंशराज शर्मा की बेटी अनीता की शादी होनी है। वंशराज ने बेटी की शादी धूमधाम से करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली थी। आग लगने से एक झटके में ही शादी वाले घर में रखे सभी सामान जलकर नष्ट हो गए। इससे वंशराज के अरमानों पर पानी फिर गया।

इसी तरह कसया थाना क्षेत्र के रामकोला मार्ग स्थित बेलवां रामजस गांव में बुधवार को गेहूं की फसल कटने के बाद खेत में बचे डंठल में आग लग गई। पछुआ हवा के बीच गेहूं का डंठल जल रहा था। आग ने विकराल रूप धारण करते हुए 11 कट्ठा गेहूं समेत खेतों में रखे पशुओं को खिलाने के लिए भूसा को जलाकर राख कर दिया। यही नहीं, इस आगलगी में बैरिया, कनखोरिया, परसौनी मुकुंदहां, डीघवां आदि गांवों के सरेह में करीब 300 एकड़ खेतों के डंठल जल गए। कसया-पड़रौना मार्ग पर घंटों आवागमन बाधित रहा। फायर ब्रिगेड ने लोगों की मदद से आग पर काबू पाया।
विज्ञापन

वहीं, खड्डा थाना क्षेत्र के बंधू छपरा गांव में हरि किशोर के घर में आग लग गई और देखते ही देखते सुनील और बरबरी गौतम के घर को भी चपेट में ले लिया। गांव वालों ने पंपिंग सेट और बाल्टी के पानी से आग बुझाने पाने का प्रयास किया। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाया। आगलगी में तीन घरों के बर्तन, कपड़े, बिस्तर, अनाज समेत घर में रखा सभी सामान जलकर राख हो गया। वहीं, दूसरी घटना में बहोरछपरा गांव के चौराहे के समीप सड़क किनारे घर बनाकर रह रहे सन्हू के घर में आग लग गई। झोपड़ी को जलता देख ग्राम प्रधान संग्राम सिंह यादव ने फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। मौके पर जुटे गांव वालों ने फायर ब्रिगेड की मदद से आग को बढ़ने से रोक लिया। यहां हुई आगलगी में सन्हू का घर और गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। चतुरछपरा गांव में दोपहर को नहर की पटरी पर गन्ने की पत्तियों में आग लग गई। इससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। दोपहर का समय होने के नाते गांव में मौजूद लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

इसी तरह कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गांव राजमंदिर के टोला पाहीपार में बुधवार की दोपहर तेज पछुआ हवा के कारण आग लग गई। अचानक आग देखकर लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकलकर शोर मचाने लगे। हवा इतनी तेज थी कि चारों तरफ केवल आग की लपटें दिख रहीं थीं। हिम्मत जुटाकर लोग आग बुझाने में जुट गए। सूचना के करीब 30 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। इस आगलगी में 20 झोपड़ियां व उसमें रखा सामान जलकर राख हो गया। अग्निपीड़ित दिव्यसागर साहनी, राजू साहनी, सिरजावती, सतगुर साहनी, रामू साहनी, जय गोविंद, दिनेश साहनी, संतोष, ईमारती, चंद्रभान साहनी, रामभवन आदि के झोपड़ियों में रखा सामान, नकदी जलकर नष्ट हो गया।

सेवरही थाना क्षेत्र के राजपुर खास ग्राम सभा के नरवा टोला अगरवा में बुधवार की दोपहर अज्ञात कारणों से आग लग गई। आगलगी की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि केदार, व्यास, ध्रुव निषाद, जेपी यादव समेत लोगों की भीड़ जुट गई और वे आग बुझाने की कोशिशों में लग गए। लोगों ने फायर बिग्रेड को भी इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड व गांव वालों की मदद से घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस आगलगी में कमरुद्दीन, लालबाबू, सनफुलवा देवी, मालती देवी, नसीरुद्दीन समेत पांच लोगों की रिहायशी झोपड़ियां व उसमें रखा घर-गृहस्थी के लाखों का सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद मौके पर पहुंचे राजस्व निरीक्षक जयंत गुप्ता व लेखपाल शैलेंद्र पांडेय ने क्षति का आंकलन कर अपनी रिपोर्ट तमकुहीराज तहसील प्रशासन को भेज दी।
रामकोला क्षेत्र के भठही बाबू पंचायत भवन के पास बुधवार को गेहूं के डंठल में आग पकड़ ली। प्रहलाद यादव का करीब तीन कट्ठा गेहूं की फसल और खेतों में रखा भूसा जलकर नष्ट हो गया। लोगों की सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें