फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: खरमास का ग्रहण हटा.. बाजार में अब सहालग की रौनक

विज्ञापन
विज्ञापन
पडरौना। 16 जनवरी से ही सहालग शुरू हो जाएगा। खरमास खत्म होने के साथ ही बाजार में मंदी का ग्रहण भी हट गया है। ऐसे में अब बाजारों की रौनक लौटने लगी है। खरमास में लाेग मांगलिक कार्यक्रमों के लिए खरीदारी करने से बचते हैं। मगर अब खरमास बीतते ही सहालग की आहट से बाजार में तेजी आ गई है।
विज्ञापन

पिछले साल कम लगन होने से खरीदारी अपेक्षा के हिसाब से नहीं हुई। मगर इस साल जनवरी से जून तक 65 लगन मुहूर्त हैं। ऐसे में व्यापारी भी इसको लेकर काफी उत्साहित हैं। व्यापारियों का कहना है कि अभी से सामानों की बुकिंग शुरू हो गई है। इस सहालग में हर दिन पांच से छह करोड़ के व्यापार की उम्मीद है। इसको देखते हुए खरमास में ही व्यापारियों ने दुकान में सामान भर लिए हैं।
बीते एक माह से चल रहा खरमास मंगलवार को मकर संक्रांति के साथ समाप्त हो गया है। इस दौरान व्यापारियों को इस वर्ष पिछले वर्ष की अपेक्षा बेहतर व्यापार होने की उम्मीद है। दुकान में बिक्री बेहतर हो, इसके लिए व्यापारियों ने ग्राहकों को सुविधाएं देने की तैयारी की है। अधिक लगन होने के कारण व्यापारियों ने दुकान के लिए पर्याप्त माल खरीदा है, ताकि लगन के दौरान माल कम न पड़ जाए। सोने-चांदी, कपड़े, होटल, ऑटोमोबाइल एवं किराना व्यापारियों के अनुसार लगन के कारण बाजार में तेजी आई है। ऐसा कोई मुहूर्त नहीं जिस दिन दो-तीन सौ से कम शादियां हों।
विज्ञापन

बैंक्वेट हाल, होटल, टेंट, बैंड बाजा और घोड़ा बग्गी, आतिशबाजी के लिए लोगों ने एडवांस बुकिंग करा रखी है। लग्जरी कार, बस भी बुक किए गए हैं। कुछ बरात पार्टी में इस बार दूल्हे राजा विक्टोरिया और बाहुबली बग्घी पर सवार होकर निकलेंगे। बड़े-बड़े प्रतिष्ठान और छोटे कारोबारी लगन में अधिक से अधिक मुनाफा कमाने के चक्कर में हर जतन किए हुए हैं। कपड़ा, आभूषण, ऑटोमोबाइल कारोबार में जहां तेजी आई है, वहीं शादी-विवाह के चलते बुटीक, शृंगार, कुम्हार, धरिकार, हलवाई, बावर्ची से जुड़े कारोबार भी उछाल मार रहे हैं।
शहर के धर्मशाला रोड, मेना बाजार, साहबगंज और कोतवाली रोड गुलजार है। इस रोड के किनारे श्रृंगार, आभूषण और रेडिमेड समेत अन्य कपड़ों की दुकानें गुलजार हो गई हैं। शहर का गुदरी बाजार व मेन बाजार में सजीं दुकानों पर सिंदूर दान, कच्चा धागा, सिंदुर, मऊर, सेहरा आदि की बिक्री बढ़ी हुई है। कारोबारी प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि सहालग में ही उनका व्यापार चमकता है।
विवाह की वेदी पर प्रयुक्त होने वाले सामग्री की बिक्री बढ़ी हुई है। इस बार राजस्थानी एवं मेवाड़ी सेहरा दो से तीन हजार रुपये तक बेचा जा रहा है। वहीं मेन बाजार में शिवम चौरसिया ने बताया कि लेडीज शृंगार की दुकानों पर भी भीड़ बढ़ी हुई है। महिलाएं एक से बढ़कर एक शृंगार से जुड़े सामानों की खरीदारी कर रही है। बर्तन, मिठाई का भी कारोबार तेज हो गया है। इसी दौरान कपड़े, बर्तन, गिफ्ट, इलेक्ट्राॅनिक उत्पाद की दुकानों में ग्राहकों की भीड़ है। कपड़ा व्यापारी प्रदीप चहाड़िया, रमेश अग्रवाल, सज्जन अग्रवाल, कौस्तुभ अग्रवाल, सुधीर जायसवाल आदि ने बताया कि आजकल लोग फैशनेबल कपड़ों की मांग कर रहे हैं।
दुल्हा और दुल्हन के खास जोड़े बाजार में हैं। इसको देखते हुए क्षेत्रीय ग्राहकों की मांग को देखते हुए एक हजार से 20 हजार तक दुल्हे की शेरवानी और दुल्हन के लिए लहंगा मंगाया है। वहीं इलेक्ट्रानिक सामग्रियों के विक्रेता सचिन चौरसिया, राजेश तुलस्यान आदि ने बताया कि शादी के मद्देनजर लोग एसी, फ्रिज, वाॅशिंग मशीन, गीजर, टीवी आदि की बुकिंग एडवांस कर रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें