सुकरौली। कसया से गोरखपुर जाने वाली रोडवेज की अनुबंधित बस में शुक्रवार को चालक के मोबाइल चलाते हुए वाहन संचालित करने का मामला सामने आया। बस में क्षमता के अनुसार सीटों पर यात्री बैठे थे, जबकि करीब 20 से 25 यात्री खड़े होकर सफर कर रहे थे। ऐसे में चालक के मोबाइल इस्तेमाल करने से यात्रियों की जान जोखिम में पड़ने की स्थिति बनी रही।
इस दौरान बस में सवार किसी व्यक्ति ने चालक के मोबाइल चलाते हुए वाहन संचालित करने की फोटो खींच ली। बाद में यह फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। फोटो वायरल होने के बाद लोगों ने चालक के इस व्यवहार को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। लोगों का कहना था कि यात्रियों से भरी बस चलाते समय चालक को मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। इससे चालक का ध्यान सड़क से हट सकता है और गंभीर हादसा हो सकता है।बस में सफर कर रहे यात्रियों ने भी चालक के मोबाइल इस्तेमाल करने पर नाराजगी जताई।ऐसी स्थिति में चालक की छोटी सी लापरवाही भी यात्रियों के लिए भारी पड़ सकती है।यात्रियों ने परिवहन विभाग के अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर अनुबंधित बसों में चालकों की कार्यप्रणाली और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान देने की मांग की है।