ग्राहक सेवा केंद्र लूूटकांड का पर्दाफाश बनी चुनौती
नकाबपोश बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया था
टीमें गठित होने के बावजूद 25 दिन बाद सफलता नहीं मिली
कसया(कुशीनगर)। थानाक्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-28 स्थित झुंगवा कट के पास संचालित ग्राहक सेवा केंद्र लूटकांड का पर्दाफाश पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। हालांकि बदमाशों को पकड़ने के लिए दबिश देने का सिलसिला जारी है, लेकिन ठोस नतीजे पर पुलिस नहीं पहुंच पाई है। पुलिस का मानना है कि पर्दाफाश में देर हो रही है।
21 दिसंबर की शाम करीब 7:15 बजे छह से आठ नकाबपोश बदमाश ग्राहक सेवा केंद्र के पास बाइक से पहुंचे। ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक विशंभरपुर निवासी संतोष तिवारी दो कर्मियों के साथ बैठकर लेनदेन का हिसाब कर रहे थे। बदमाशों ने संचालक समेत दोनों कर्मियों की कनपटी पर असलहा सटा दिया और रुपये मांगने लगे। एक बदमाश ने संतोष तिवारी की जेब से साढ़े तीन लाख रुपये और दूसरे ने काउंटर से एक लाख पचास हजार रुपये निकाल लेकर फरार हो गए थे।
इस घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक पर सवार होकर हेतिमपुर की तरफ असलहा लहराते व फायरिंग करते हुए भाग गए थे। हालांकि घटना के वक्त पुलिस फायरिंग की पुष्टि नहीं कर रही थी, लेकिन दूसरे दिन 22 दिसंबर को दोपहर में घटना की छानबीन करने एडीजी जोन गोरखपुर अखिल कुमार व एसपी सचिंद्र पटेल मयफोर्स पहुंचे तो ग्राहक सेवा केंद्र के बाहर 32 बोर का खाली कारतूस बरामद हुआ था। इससे फायरिंग के बात की पुष्टि हो गई थी। बदमाश अपने साथ ग्राहक सेवा केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीबीआर लेकर चले गए थे।
घटना की जांच करने पहुंचे एडीजी जोन अखिल कुमार ने कहा था कि इस लूटकांड के पर्दाफाश के लिए मंडल स्तरीय पुलिस टीम गठित कर दी गई है। घटना के करीब 25 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। इस संबंध में सीओ पीयूष कांत राय ने बताया कि सर्किल में हुई आपराधिक घटनाओं में लगभग सभी का पर्दाफाश पुलिस कर चुकी है। वर्तमान में सिर्फ ग्राहक सेवा केंद्र लूटकांड का नहीं हुआ है। पर्दाफाश के लिए पुलिस हर संभव कोशिश में जुुटी है। संभव है कि जल्द इसका भी पर्दाफाश हो जाए।