पडरौना। डायट सभागार में में चल रहे जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम का सोमवार को समापन हुआ। इसमें शिक्षकों को अंतिम जनगणना कार्य को देश के विकास का दिशा तय करने वाला बताते हुए इस कार्य को गंभीरता से करने के लिए प्रेरित किया।
डायट प्रवक्ता अश्विनी सिंह ने कहा कि जनगणना एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश के विकास की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण आधार है। इसमें छोटी सी लापरवाही भी बड़े स्तर पर असर डाल सकती है। इसलिए सभी को पूरी सजगता के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित कार्मिकों की भूमिका फील्ड में बेहद महत्वपूर्ण होगी। उन्हें जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। अंतिम सत्र में प्रशिक्षुओं को वास्तविक परिस्थितियों के उदाहरण देकर कार्य करने की रणनीति समझाई गई। इसके अलावा जनगणना कार्य के दौरान समयबद्ध और त्रुटिरहित डेटा संकलन पर जोर दिया। इस दौरान अरविंद पांडेय, अखलाख अहमद, धनंजय कुमार, धनंजय चतुर्वेदी, अहमद मशरूर, शादमा कुरैशी, अतुल गुप्त आदि मौजूद रहे।
550 प्रगणक-पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण पूरा, पारदर्शिता पर जोर
तमकुहीरोड। सेवरही के एक निजी विद्यालय में तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सोमवार को संपन्न हो गया। 550 प्रगणक व पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया। अंतिम दिन डाटा संकलन में पारदर्शिता बरतने और सटीक नजरी नक्शा तैयार करने पर विशेष बल दिया गया। प्रशिक्षकों ने कहा कि गणना के दौरान न तो कोई मकान छूटना चाहिए और न ही किसी मकान की दोहरी गणना होनी चाहिए। तभी आंकड़े मानक के अनुरूप तैयार हो सकेंगे।
प्रशिक्षकों ने बताया कि इस बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित की जाएगी। एचएलओ एप के माध्यम से प्रत्येक मकान की सटीक लोकेशन, क्रम संख्या व विस्तृत विवरण दर्ज किया जाएगा। इससे डाटा संकलन अधिक व्यवस्थित होगा और त्रुटियों की संभावना कम रहेगी। प्रशिक्षण के दौरान मकान सूचीकरण क्षेत्र की अवधारणा को भी विस्तार से समझाया गया, ताकि प्रगणक अपने-अपने कार्यक्षेत्र की सीमाओं को स्पष्ट रूप से पहचान सकें। सेवरही लेखपाल राणा प्रताप सिंह ने नजरी नक्शा बनाने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इस दौरान प्रशिक्षक शाकिर अली, सुनील सिंह, बनारसी शर्मा, राजेश मौर्य, अजय उपाध्याय, गिरीशचंद्र श्रीवास्तव, अनिल सिंह, श्रवण सिंह, इंतजार अहमद, विजय शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। वहीं अश्विनी राय, राजन राय, अरुणेश चतुर्वेदी, धनंजय मिश्र, अरविंद पांडेय, चंद्रजीत यादव, पुनीता राय, शोभा राय, अमरनाथ प्रसाद, निशांत विश्वास, आलोक रंजन, रामकृष्ण प्रताप, संजय कुमार यादव, मुहम्मद असलम, गुड्डू शर्मा, संजय राय आदि प्रतिभागी उपस्थित रहे।