खड्डा। थाना क्षेत्र के मठिया गांव के पास मुख्य पश्चिमी गंडक नहर में बोरे में भरकर फेंका गया युवती का शव मिला है। शुक्रवार की सुबह शव देखकर लोगों ने शोर मचाया। युवती की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मठिया गांव के कुछ लोग शुक्रवार की सुबह मुख्य पश्चिमी गंडक नहर के किनारे घूम रहे थे। नहर के पानी में बह रहे एक बोरे में से महिला का सिर बाहर निकला देखकर लोगों ने शोर मचाया। वहां तमाशाबीनों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची खड्डा पुलिस ने लोगों के सहयोग से बोरे में बंधे शव को पानी से बाहर निकलवाया। शव लगभग 25 वर्ष के उम्र की युवती की प्रतीत हो रही है। शव को लंबी रस्सी से बांधने के बाद प्लास्टिक के बोरे में भरकर पानी में फेंका गया था। मृतका के एक हाथ में कड़ा व दूसरे में ओम लिखा बैंड था तथा नाखून रंगे हुए थे। शरीर पर आसमानी कलर की सलवार कमीज थी। आशंका जताया जा रहा है कि तीन चार दिन पहले युवती की हत्या करके शव को नहर में फेंका गया होगा। पानी कम होने व शव फूलने की वजह से सिर का हिस्सा बोरा से बाहर निकल गया था। हालांकि काफी प्रयास के बाद भी शव की शिनाख्त नहीं हो पाई।
मौके पर पहुंचे खड्डा थाने के एसआई राजेश कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। स्थानीय लोगों से शिनाख्त के लिए प्रयास किया गया लेकिन कुछ खास जानकारी नहीं मिली। शिनाख्त के लिए प्रयास किया जा रहा है।