तमकुहीरोड। विरवट कोन्हवालिया का 20 वर्षीय युवक शुक्रवार को होली खेलने के बाद गंडक नदी में स्नान करने के दौरान नदी में डूब गया था। रविवार को 48 घंटे बाद उसका शव बाघा चौर गांव के सामने गंडक नदी के किनारे मिला। पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तरयासुजान थाना क्षेत्र के ग्राम सभा विरवट कोंनहवलिया निवासी आशीष सिंह बीते शुक्रवार को होली खेलने के बाद दोपहर बाद करीब दो बजे गंडक नदी में साथियों के साथ स्नान करने गया था। स्नान करने के दौरान आशीष गहरे पानी में चले गए। काफी देर बाद तक जब वे दिखाई नहीं दिए तो साथ स्नान कर रहे साथियों ने शोर मचाया। सूचना पर पहुंचे नायब तहसीलदार कुंदन वर्मा, तरयासुजान पुलिस की मौजूदगी में गांव के नाविक और गोताखोरों ने तलास की लेकिन नदी में डूबे युवक का पता नहीं चला।
घटना के दूसरे दिन शनिवार को आई एसडीआरएफ की टीम ने देर शाम तक युवक की खोजबीन किया। टीम ने युवक को खोजने के लिए अहिरौलीदान से आगे तक गंडक नदी को खंगाला गया, लेकिन युवक का कोई पता नही चला। इसके बाद शनिवार को देर शाम एसडीआरएफ की टीम वापस लौट गई। रविवार को पुन: गांव के लोग और परिजन सुबह से ही खोजबीन में लग गए। दोपहर करीब एक बजे बाघा चौर गांव के सामने गंडक के दूसरे किनारे पर आशीष का शव मिला। शव मिलने की जानकारी होते ही परिवार में चीखपुकार मच गया। घर के एकलौते पुत्र के मौत की शोक में रोते विलखते परिवार को देख गांव लोगों की आंखे नम हो गईं। शव मिलने की जानकारी होने पर पहुंचे परिजन शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संवाद