गोड़रिया (कुशीनगर)। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के कुबेरा भुआल पट्टी गांव में शनिवार शाम को सड़क किनारे गाड़ी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसमें कुछ ग्रामीण एक युवक को रस्सी से बांधकर पीटते हुए गांव में घुमा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि उसने गांव के एक युवक, उसके पिता और परिवार की दो महिलाओं पर चाकू से हमला किया था, जिससे नाराज होकर उनके पक्ष के लोगों ने उसे पकड़कर बुरी तरह पीटा। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करती। कहा जा रहा है कि पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम को छिपाने का प्रयास किया, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने मामले में आरोपियों पर केस दर्ज करने की बात कही है। इस बीच रविवार को पुलिस ने दोनों पक्षों का शांतिभंग में चालान कर दिया और देर शाम युवक को बांध कर पीटने के मामले में केस दर्ज कर लिया। विशुनपुरा थाना क्षेत्र के कुवेरा भुआल पट्टी गांव निवासी रितेश व उसके पिता रमाशंकर मद्धेशिया शनिवार शाम को खेत में गए थे। उनसे मिलने कुछ लोग पिकअप से आए थे। उन्होंने गाड़ी खेत के किनारे सड़क पर खड़ी कर दी थी। तभी गांव का 20 वर्षीय एक युवक बाइक से पहुंचा।
रास्ते में पिकअप खड़ा करने को लेकर उसकी रितेश से कहासुनी हो गई। इस कहासुनी में युवक ने चाकू निकाल कर रितेश, रमाशंकर के अलावा वहां मौजूद उसकी बहन और मां पर भी वार कर दिया। मामले की जानकारी होते ही दोनों पक्ष के लोग आमने सामने हो गए। लोगों ने हमला करने वाले युवक को पकड़ लिया और अर्धनग्न कर रस्सी में बांधकर पिटाई करते हुए पूरे गांव में घुमाया।
इसी बीच सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर थाने चली गई। पुलिस ने बंधक बनाकर पिटाई का पूरा मामला छिपाने का प्रयास किया। रविवार सुबह पुलिस ने दोनों पक्षों का शांतिभंग में चालान कर दिया। इसी बीच सोशल मीडिया पर युवक को बांधकर पिटाई का वीडियो वायरल हो गया तब एसपी ने मामले को गंभीरता से लिया और केस दर्ज करने का आदेश दिया।