घायलों को मेडिकल कॉलेज ले जाते स्वास्थ्यकर्मी। स्रोत-सोशल मीडिया
पडरौना। शासन के निर्देश पर शुक्रवार को शहर में युद्धकालीन आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए ब्लैक आउट एवं एयर रेड (एयर रेड व सिविल डिफेंस) मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। शाम 6 से 6:45 बजे तक आयोजित इस अभ्यास के दौरान सुभाष चौक, को ब्लैक आउट स्पॉट घोषित किया गया।
मॉकड्रिल का उद्देश्य युद्ध की स्थिति में संभावित आपदाओं से निपटने की प्रशासनिक तैयारियों का परीक्षण, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की प्रभावशीलता का आकलन तथा आम नागरिकों को आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित रहने के प्रति जागरूक और प्रशिक्षित करना रहा। अभ्यास के दौरान सायरन बजाकर हवाई हमले की चेतावनी दी गई। इसके बाद निर्धारित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित कर ब्लैक आउट किया गया।
नागरिकों को सुरक्षित स्थानों एवं शेल्टरों में शरण लेने का अभ्यास कराया गया। इसके उपरांत अग्निशमन विभाग द्वारा आग बुझाने का प्रदर्शन किया गया। वहीं बम निरोधक दस्ते ने संदिग्ध वस्तुओं की जांच की।
नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने प्राथमिक उपचार का अभ्यास कराया, जबकि ध्वस्त भवनों से फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और एम्बुलेंस के माध्यम से घायलों को अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का सजीव प्रदर्शन किया गया। अभ्यास के समापन पर ऑल क्लीयर सायरन बजाकर मॉक ड्रिल समाप्त होने की घोषणा की गई। एडीएम वैभव मिश्रा, एएसपी सिद्धार्थ वर्मा आदि मौजूद रहे।