गंगुआ बाजार। पटहेरवा थाना क्षेत्र के करजहा गांव में कच्छा-बनियान गिरोह की सक्रियता से गांव के लोगों में भय का माहौल है। बुधवार को कुछ संदिग्ध लोगों को देख ग्रामीणों ने उनका पीछा किया तो संदिग्ध व्यक्ति पागलों जैसा व्यवहार करने लगा और मौके से भाग निकला।
लोगों ने बताया कि इससे पहले शाम करीब सात बजे गांव के बाहर सरकारी स्कूल के पास संदिग्ध लोग सभी काले रंग के टी-शर्ट और कच्छा पहने दिखे थे। पीठ पर स्कूल बैग टांगे हुए थे। उस समय ग्रामीणों ने उन्हें पास के ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूर समझकर नजरअंदाज कर दिया।
रात होते-होते वही संदिग्ध दोबारा गांव में घूमते नजर आए और किसी वारदात को अंजाम देने की कोशिश करने लगे। इस पर ग्रामीणों ने शोर मचाया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही करीब 15 मिनट के भीतर पटहेरवा थाना के एसओ धीरेंद्र कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पूरी रात गांव में डेरा डाले रखा।
एसओ भी रात में तीन बार पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे और आसपास के गांवों, मुख्य मार्गों तथा संपर्क मार्गों पर भी भ्रमण करते रहे। वहीं, ग्रामीण भी पूरी रात “जागते रहो” की आवाज लगाते हुए गांव में घूमते रहे और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से निर्णय लिया है कि गांव में फेरी लगाने वाले, भीख मांगने वाले या बिना किसी पहचान के आने वाले लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई जाएगी। संदिग्ध व्यक्ति का फोटो और वीडियो बनाकर पुलिस को सूचना देने पर भी सहमति बनी है।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि चंद्रभूषण मिश्र ने बताया कि पुलिस की तैनाती के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। इस संबंध में एसओ धीरेंद्र राय ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। अपील की कि संदिग्ध गतिविधि की सही जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
े