फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kushinagar News: बुजुर्गों और निरक्षरों को पढ़ना-लिखना सिखाएंगे शिक्षक

Sun, 14 Jun 2026 12:21 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुशीनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
पडरौना। नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत अगले महीने से व्यापक साक्षरता अभियान के चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य ऐसे लोगों को शिक्षा से जोड़ना है, जो किसी कारणवश अब तक पढ़ना-लिखना नहीं सीख सके हैं।
विज्ञापन

विशेष रूप से बुजुर्गों और निरक्षर वयस्कों को साक्षर बनाकर उन्हें दैनिक जीवन में आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया जाएगा। पहले चरण में असाक्षर लोगों की पहचान की जाएगी। इसके लिए शिक्षामित्रों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, आशा बहुओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सहयोग लिया जाएगा। ये सभी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर सर्वे करेंगे और ऐसे निरक्षर लोगों की सूची तैयार करेंगे। अभियान के तहत चयनित लोगों को पढ़ने-लिखने और गणना की बुनियादी जानकारी दी जाएगी। उन्हें अपना नाम लिखना, हस्ताक्षर करना, अंकों की पहचान करना और दैनिक जीवन से जुड़ी आवश्यक जानकारियां सिखाई जाएंगी।
इसके साथ ही योजनाओं, बैंकिंग सेवाओं और जरूरी दस्तावेजों को समझने योग्य बनाने का प्रयास किया जाएगा। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का मानना है कि साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। अभियान से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और समाज के उन वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी, जो अब तक शिक्षा से वंचित रहे हैं। अभियान को सफल बनाने के लिए गांवों में जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। स्वयंसेवक और शिक्षक लोगों को साक्षर बनने के लाभ बताएंगे और उन्हें कार्यक्रम से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगे।
विज्ञापन

बीएसए अनिल कुमार सिंह ने बताया कि नव भारत साक्षरता कार्यक्रम का लक्ष्य जिले के प्रत्येक असाक्षर व्यक्ति तक पहुंचना है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों, शिक्षामित्रों, आशा बहुओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से गांवों में असाक्षर लोगों को चिन्हित कर उन्हें पढ़ना-लिखना सिखाया जाएगा, जिससे वह आत्मविश्वास के साथ अपने दैनिक कार्य स्वयं कर सकें और समाज की मुख्यधारा में शामिल हो सकें।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें