दुदही (कुशीनगर)। बीआरसी दुदही पर निपुण भारत मिशन के अंतर्गत एफएलएन तथा एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तक आधारित पांच दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण के प्रथम चक्र के प्रथम एवं द्वितीय बैच का शुक्रवार को समापन हो गया। अंतिम दिन शिक्षकों को गतिविधि आधारित शिक्षण के माध्यम से बच्चों में बुनियादी साक्षरता और संख्याज्ञान विकसित करने की प्रभावी विधियों का अभ्यास कराया गया।
प्रशिक्षण में शिक्षकों को पाठ्यपुस्तक आधारित शिक्षण को रुचिकर बनाने, बच्चों की सीखने की क्षमता बढ़ाने और कक्षा में प्रत्येक छात्र की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के तरीकों की जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों के सीखने के स्तर के अनुसार गतिविधियों का चयन कर शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। एआरपी हिंदी आमोद कुमार, सामाजिक विज्ञान राहुल सिंह, गणित धर्मेंद्र यादव, अंग्रेजी राहुल कुमार, विज्ञान संतोष कुमार और राजेश प्रसाद ने विषयवार शिक्षण पद्धतियों की जानकारी देते हुए शिक्षकों का मार्गदर्शन किया। समापन अवसर पर बीईओ रीता गुप्ता ने कहा कि प्रशिक्षण तभी सार्थक होगा, जब यहां सीखी गई शिक्षण विधियां विद्यालयों की कक्षाओं में प्रभावी रूप से लागू हों।
इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ के मंत्री रामनिवास जायसवाल, राशैम के अध्यक्ष उदय सिंह, जिलामंत्री आशीष मिश्र, आलोक पांडेय, संतोष प्रसाद, इसरावती कुशवाहा, रुबी गुप्ता, रजनीश मिश्र आदि उपस्थित रहे।