प्रदर्शन करते शिक्षक। स्रोत-सोशल मीडिया
पडरौना। माध्यमिक शिक्षक संघ (ठकुराई गुट) से जुड़े शिक्षकोंं ने सोमवार को डीआईओएस कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद वित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों को राज्यीकरण करने और पुरानी पेंशन बहाल करने समेत 22 सूत्री सीएम को संबोधित ज्ञापन डीआईओएस को सौंपा।
संघ के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी को मांगों से संबंधित 30 मई को मांग पत्र भी दिया गया था, लेकिन अभी तक संघ की मांगों को पूरा करने के लिए सरकार की तरफ से सकारात्मक पहल नहीं की गई है। इससे शिक्षकों में नाराजगी है। उन्होंने चेताया कि यदि उनकी मांगों पर सरकार शीघ्र विचार नहीं करती है तो संघ की तरफ से प्रदेश स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। इसके बाद शिक्षकों ने सीएम को संबोधित 22 सूत्री ज्ञापन डीआईओएस को सौंपा, जिसमें सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों का राज्यीकरण कराने, शिक्षकों व कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना को लागू कराने, शिक्षकों के पदोन्नति तथा धारा-18 की भांति प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक पदों पर तदर्थ पदोन्नति एवं वेतनमान की व्यवस्था करने, शिक्षा विभाग के सभी कार्यालयों में ई-फाइलिंग लागू करने समेत अन्य मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की गई। इस दौरान आसनारायण राय, राममिलन सिंह, रमेश सिंह, सुरेश कुमार सिंह, अजय कुमार सिंह, विशाल राव आदि मौजूद रहे।