खड्डा क्षेत्र से नहीं थम रही तस्करी
नदी, पगडंडी, वाहन और ट्रेनों का तस्कर लेते हैं सहारा
संवाद न्यूज एजेंसी
खड्डा(कुशीनगर)। क्षेत्र में नेपाली मटर, मसालों और अन्य वस्तुओं की तस्करी थम नहीं पा रही है। हाल ही में पकड़ी गई नेपाली मटर इसकी बात की तस्दीक कर रही है।
कुशीनगर जिले का खड्डा क्षेत्र भौगोलिक रूप से महराजगंज जनपद और बिहार प्रदेश की सीमा से सटा है। गंडक नदी के जलमार्ग से नेपाल से भी सीधे जुड़ाव है। महराजगंज व बिहार की सीमा नेपाल से जुड़ी हुई हैं। ऐेसे में यहां खुफिया एजेंसियां और एसएसबी टीम निगहबानी करती है। इसके बावजूद तस्कर नेपाली सामान जैसे खाद्य पदार्थ, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, नेपाली शराब, गर्म मसाला आदि नाव, बाइक, साइकिल, पैदल खड्डा थाना क्षेत्र में चिह्नित स्थानों पर भेज देेते हैं। सूत्र बताते हैं कि भंडारण करने के बाद बड़े शहरों में व्यापारियों को भेजकर मुनाफा कमाया जाता है। नेपाल से सामान केवल आते ही नहीं जाते भी हैं। इस धंधे से जुड़े व्यक्तियों के मुताबिक अभी हाल ही में एडीजी के आदेश पर बरामद हुई नेपाली मटर की खेप को भी थोड़ा-थोड़ा करके खड्डा थाना क्षेत्र में लाया गया और लखुआ गांव में बने एक गोदाम में रखा गया था।
खड्डा के सीओ शिवाजी सिंह ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में नजर रखी जा रही है। नियम के मुताबिक पुलिस कार्रवाई करती है। जो भी तस्करी में संलिप्त मिला, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि खड्डा थाना क्षेत्र में बरामद हुई मटर को बृहस्पतिवार को गोरखपुर की कस्टम टीम को भेज दिया जाएगी।
पूर्व में हो चुकी है यह बरामदगी
- अगस्त 2019 में भारत-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी की 21वीं वाहिनी के जवान नेपाली सामानों से भरी नाव का पीछा करते हुए खड्डा क्षेत्र के बालगोविंद छपरा के दियारा में पहुंच गई थी। यहां से टीम को बड़ी मात्रा में मसाला और मटर मिला था।
- वर्ष 2018 में खड्डा थाना क्षेत्र के मदनपुर गांव के पास निचलौल के तत्कालीन एसओ हरेंद्र मिश्रा की अगुआई में पुलिस टीम ने छापा मारकर नाव से लाया 120 बोरी मसाला बरामद हुआ था।
- वर्ष 2016 में नेपाली शराब से भरी नाव को तत्कालीन एसपी दीपक भट्ट ने गोपनीय तरीके से क्राइम ब्रांच टीम को भेजकर मदनपुर गांव के पास नदी से जब्त कराई थी।