तमकुहीराज। नगर पंचायत तमकुहीराज की ओर से विभिन्न वार्डों के निवासियों की सुविधाओं को ध्यान रखते हुए व विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री सृजन योजना के तहत दस करोड़, मुख्यमंत्री नगरोदय योजना के तहत सात करोड़ व आकांक्षी योजना के तहत छह करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। कार्य योजना की मंजूरी मिलते ही नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों में विवाह भवन, सीसीटीवी कैमरे, आकर्षक लाइटिंग, पथ प्रकाश, सड़कें, ओपन जिम, चिल्ड्रेन पार्क आदि विकास कार्य कराया जाना प्रस्तावित है।
नगर पंचायत की ओर से मुख्यमंत्री सृजन योजना के तहत दस करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसके अंतर्गत नगर पंचायत के कुल 14 वार्डों में सड़क, नाली, आकर्षक लाइटिंग, पथ प्रकाश सहित अन्य जरूरी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्य कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री नगरोदय योजना के तहत के तहत सात करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसके अंतर्गत नगर पंचायत के वार्ड नंबर चार (गांधी नगर), वार्ड नंबर सात (सरदार पटेल नगर), वार्ड नंबर दस (भगत सिंह नगर) व वार्ड नंबर 11 (वैष्णव नगर) में विवाह भवन का निर्माण कराया जाएगा। इसके निर्माण के बाद वार्डों के लोगों को मुफ्त विवाह स्थल की सुविधा प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा लोगों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए ओपन जिम भी स्थापित किया जाना प्रस्तावित है। इसके तहत वार्ड नंबर आठ (भगत सिंह नगर) के रामलीला मैदान, वार्ड नंबर एक (अंबेडकर नगर) के बीआरसी परिसर व वार्ड नंबर दस (भगत सिंह नगर) के प्राथमिक विद्यालय में ओपन जिम स्थापित किया जाएगा। इसी योजना के अंतर्गत वार्ड नंबर दो, वार्ड नंबर पांच, वार्ड नंबर नौ, वार्ड नंबर दस व वार्ड नंबर 11 स्थित छठ घाटों का सुंदरीकरण सहित अन्य विकास कार्य कराया जाएगा।
प्रमुख चौराहों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे
आकांक्षी योजना के तहत छह करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं। इसके अंतर्गत वार्ड नंबर एक अंबेडकर नगर, वार्ड नंबर 11 वैष्णव नगर, वार्ड नंबर 12 मालवीय नगर व वार्ड नंबर 13 शास्त्री नगर स्थित चार मीटर से चौड़ी सड़कों का निर्माण व नाली का निर्माण कराया जाएगा। इसी योजना के अंतर्गत नगर पंचायत के सभी कार्यालय, पार्क, गोशाला, तमकुहीराज मुख्य बाजार, विद्यालय व सभी वार्डों के प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे सुरक्षा की दृष्टि से लगाए जाएंगे। इसके अलावे नगर पंचायत क्षेत्र में स्थित नौ सरकारी विद्यालयों में चिल्ड्रेन पार्क भी विकसित किए जाएंगे।