कुशीनगर। पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर भारत की एयर स्ट्राइक के बाद बुधवार को नेपाल के पास स्थित सीमावर्ती इलाकों व बिहार बाॅर्डर पर सुरक्षा-व्यवस्था कड़ी रही। पश्चिमी चंपारण से जुड़ने वाली सीमा पर पुलिस की विशेष चौकसी रही। दूसरी ओर भारतीय सेना की लोगों ने सराहना भी की। लोगों का कहना था कि इस एयर स्ट्राइक से दिल को सुकून मिला है।
जिले के बुद्ध, महावीर और अन्य धार्मिक स्थलों समेत अन्य जगहों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पडरौना, तरयासुजान, तमकुहीराज, सेवरही, बरवापट्टी, विशुनपुरा, चौरा खास आदि सीमावर्ती थानों में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक खुफिया एजेंसियों के अलर्ट करने के बाद कुशीनगर के धार्मिक स्थल थाई मंदिर, महाबोधि मंदिर, कप्तानगंज जंक्शन समेत सभी संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। इंडो नेपाल सीमा नजदीक होने और बिहार की अंतरराज्यीय सीमा के कारण भी पुलिस और इंटेलिजेंस यूनिट विशेष सतर्कता बरत रही है। खडडा थाना क्षेत्र के सालिकपुर से होकर बिहार को जाने वाले एनएच 727 तथा इससे जुड़ा नेपाल बॉर्डर के वाल्मीकिनगर गंडक बैराज तक बगहा वाल्मीकिनगर मुख्य पथ इस पूरे क्षेत्र को आपस में जोड़ता है। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के जंगल के बीच से कई पगडंडी व कच्चे रास्ते नेपाल सीमा तक जाते हैं। सीमा पर तैनात एसएसबी कड़ी निगरानी कर रही है, वाल्मीकि गंडक बैराज सहित जितने भी नेपाल को जोड़ने वाली सड़कें या नाले, पगडंडी हैं सब पर नजर रखी जा रही है। बिना पहचान पत्र एवं पूरी जानकारी लिए बिना किसी को आने जाने नहीं दिया जा रहा है। खडडा क्षेत्र की बिहार से लगने वाली सीमा पर स्थापित सालिकपुर पुलिस चौकी पर भी जवान पूरी तरह अलर्ट रहे।
सीमा पार करने वालों से पूछी जा रही वजह
बगहा के इंडो नेपाल-बॉर्डर वाल्मिकीनगर स्थित सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों ने चौकसी बढ़ा दी है। भारत और नेपाल के बीच आवाजाही करने वाले हर व्यक्ति की कड़ी जांच की जा रही है। इसके लिए अलग से विशेष चौकी बनाया गया है। सुरक्षाबलों की तरफ से यात्रियों के सामानों की जांच भी विशेष मशीनों की मदद से की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि को समय रहते पकड़ा जा सके। एसएसबी के अधिकारी लगातार पेट्रोलिंग कर रहे हैं और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर निगरानी रखी जा रही है। वहीं आधार कार्ड व अन्य पहचान पत्रों की जांच के साथ सीमा पार करने वालों से कारण और वापस लौटने की तिथि पूछी जा रही है।
बिहार जाने और यूपी आने वालों की भी हो रही जांच
पडरौना कोतवाली क्षेत्र से जुड़े बिहार पश्चिम चंपारण के बगहा अनुमंडल की धनहा पुलिस ने विशेष सतर्कता के साथ जांच की। बांसी चेकपोस्ट पर बिहार जाने और यूपी आने वाले लोगों की जांच की गई। इसके अलावा सेवरही थाना क्षेत्र से जुड़े बिहार के ठकराहा थाना, तरयासुजान थाना क्षेत्र के बहादुरपुर सीमा क्षेत्र से जुड़े बिहार गोपालगंज कुचायकोट,चौरा खास थाना क्षेत्र के बनकटा चौकी से जुड़े गोपालगंज की कटेया पुलिस पूरी तरह सतर्क रही।