तमकुही-छितौनी रेल लाइन परियोजना को मिली रफ्तार। संवाद
छितौनी। तमकुही-छितौनी रेल लाइन परियोजना के लिए अधिग्रहित की जाने वाली भूमि को लेकर जिला प्रशासन ने 38 किसानों को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस ग्रामसभा जरार एवं जटहा बाजार के किसानों को शुक्रवार को तामील कराया गया। वहीं बिहार सरकार की ओर से बेतिया एस्टेट की जमीन पर कब्जा करने वाले किसानों को भी खाली करने के लिए नोटिस दिया गया है। जरार में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि उपेंद्र गौतम की उपस्थिति में किसानों का आधार कार्ड से सत्यापन कर नोटिस सौंपा गया। नोटिस अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) एवं सक्षम अधिकारी, कुशीनगर कार्यालय की ओर से जारी किया गया है। इस दौरान सुधीर कुमार सहित अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।
नोटिस के अनुसार संबंधित किसानों को 20 फरवरी को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक उपस्थित होकर अधिग्रहित भूमि के प्रतिकर की धनराशि प्राप्त करने का निर्देश दिया गया है।
किसानों को प्रतिकर प्राप्त करने के लिए खतौनी की सत्यापित प्रति, आधार कार्ड, दो रसीदी टिकट, बैंक पासबुक की प्रति, प्रार्थना पत्र, प्रमाणित दो रंगीन फोटो, तहसीलदार द्वारा जार हिस्सा प्रमाण पत्र, आठ पासपोर्ट साइज फोटो तथा नवैयत जांच आख्या सहित अन्य आवश्यक अभिलेख साथ लाने को कहा गया है।