खड्डा/कुशीनगर। बृहस्पतिवार की शाम खड्डा के सिसवा गोपाल गांव के सामने गंडक नदी में तीन शव मिलने के बाद खड्डा और तमकुहीराज तहसील क्षेत्र के एपी बांध के किनारे एसडीआरएफ व एनडीआरएफ की टीम सक्रिय कर दी गई हैं। दोनों एसडीएम के नेतृत्व में टीमें लाशों की तलाश कर रही हैं। शुक्रवार को एसडीआरएफ की टीम ने तीन मोटरबोट से नदी में तलाशी अभियान शुरू किया। अलग-अलग टुकड़ियों में बंटी टीम नदी के किनारे और दियारा क्षेत्र में संभावित स्थानों पर छानबीन करती रही।
नदी में तलाशी अभियान के दौरान छितौनी तटबंध के किनारे कई जगहों पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। लोग नदी के बहाव पर नजर रखे हुए थे और बीच-बीच में आपस में बातचीत करते दिखे। कुछ लोगों का कहना था कि ऐसा मंजर पहले कभी नहीं देखा गया। नेपाल से बहकर आ रहे सामान और शवों की सूचना के बाद ग्रामीणों में कौतूहल के साथ चिंता भी है। बृहस्पतिवार की शाम गंडक नदी से दो महिलाओं और एक पुरुष का शव बरामद हुआ था। तीनों शवों को मोर्चरी में रखवाया गया है। शवों की पहचान के लिए डीएनए सैंपल लिया जाएगा। इसके बाद परिजनों की पहचान होने की उम्मीद है।
हालांकि, शुक्रवार को नदी का डिस्चार्ज एक लाख क्यूसेक से नीचे रहा और जलस्तर भी चेतावनी बिंदु से नीचे आ गया। इससे नदी किनारे रहने वाले लोगों ने राहत की सांस ली है। गंडक नदी के पार शिवपुर, मरचहवा, बसंतपुर, हरिहरपुर, नारायणपुर, महादेवा और सालिकपुर आदि गांवों पर राजस्व विभाग और पुलिस की टीमें नजर बनाए हुए है। वहीं, भैसहा, हनुमानगंज, लक्ष्मीपुर, पड़रहवा, मदनपुर, सुकरौली और भेड़िहारी समेत तटबंध के आसपास के गांवों में भी पुलिस और राजस्व टीमों को निगरानी के लिए लगाया गया है। एसडीएम खड्डा सर्वेश कुमार गौर ने बताया कि अभी कोई नया अलर्ट नहीं है और स्थिति सामान्य है। शवों की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम नदी में छानबीन कर रही है।