मायूस बैठे सुप्रिया के परिजन। स्रोत-परिजन
पडरौना/तमकुहीराज। सीएचसी पर प्रसव के बाद प्रसूता की मौत के मामले में सीएमओ के निर्देश पर जांच कर रही चार सदस्यीय टीम पर परिजनों ने सवाल खड़ा किया है। परिजनों का आरोप है कि सीएचसी अधीक्षक जब तक पद पर रहेंगे तब तक निष्पक्ष जांच होना संभव नहीं है। टीम में कोई विशेषज्ञ डॉक्टरों को शामिल नहीं किया गया है। ऐसे में न्याय मिलना संभव नहीं हैं। सीएचसी अधीक्षक को पद से हटाकर जांच की जाए। प्रेस विज्ञप्ति जारी कर परिजयों ने यह आरोप लगाया है।
तमकुहीराज नगर के वार्ड नंबर सात सरदार पटेल नगर निवासी सुप्रिया सिंह की बीते बृहस्पतिवार को प्रसव के बाद मौत हो गई थी। परिजन ड्यूटी पर तैनात महिला डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही और गलत इंजेक्शन लगाने तथा सीएचसी अधीक्षक पर बचाव करने का आरोप लगा रहे हैं।
इसकी शिकायत पुलिस व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से की है। इसके विरोध में मंगलवार को नाराज लोगों ने न्याय यात्रा भी निकालकर एसडीएम को मांग पत्र सौंपा। परिजनों ने आरोप लगाया है कि सीएमओ की ओर से जांच के लिए जो टीम बनाई गई है। उस टीम से निष्पक्ष जांच होना संभव नहीं है। इसकी जांच किसी जज या मजिस्ट्रेट से कराई जाए। सुप्रिया के ससुर राकेश पटेल, पति अमनदीप व अन्य की ओर यह मांग की गई है। तीसरे दिन भी जांच टीम अभी रिपोर्ट नहीं सौंपी है।