सुकरौली। क्षेत्र पंचायत के सभागार में शनिवार को ब्लाॅक प्रमुख रंजना पासवान की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं ग्राम प्रधानों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में बीडीओ ऊषा पाल की ओर से पिछली कार्रवाई को बिंदुवार पढ़ने के साथ पुष्टि की गई।
बैठक में नई योजनाओं पर चर्चा करने के साथ आगामी वित्तीय वर्ष में विकास कार्य कराने के लिए सदस्यों से प्रस्ताव मांगा गया। बोर्ड की बैठक में करीब 15 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्य के प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई। बैठक में सदस्यों ने पोषण वितरण में धांधली का आरोप लगाया।
बीडीओ ऊषा पाल के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, एनआरएलएम निशुल्क बोरिंग, कृषि विभाग, स्वच्छ भारत मिशन, पेंशन, मनरेगा सहित 12 एजेंडे पर चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता कर रही ब्लाॅक प्रमुख रंजना पासवान ने बैठक में आए सभी जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया और बैठक के समापन की घोषणा की। बैठक का संचालन एडीओ कृषि प्रवीण कुमार ओझा ने किया। इस दौरान महेंद्र पासवान, सत्यकाम पांडेय, एडीओ पंचायत रामाशीष गौतम माैजूद रहे।