पडरौना। पीएमश्री (प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया) योजना के तहत विद्यालयों में कक्षा एक से पांच तक के बच्चों की पढ़ाई प्रभावी बनाने के लिए लर्निंग किट और डायरी दी जाएगी। किट में वर्कशीट, गतिविधि सामग्री, ड्राइंग शीट और अन्य उपयोगी वस्तुएं होंगी। शिक्षकों को शिक्षण सामग्री तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में 31 पीएमश्री विद्यालय संचालित होते हैं। इस योजना के तहत प्राथमिक व कम्पोजिट विद्यालयों में कक्षा एक से पांच तक के बच्चों के लिए कक्षा-शिक्षण को अधिक प्रभावी और सीखने को अधिक उपयोगी बनाया जा रहा है। इसके तहत बच्चों को लर्निंग किट और डायरी भी दी जाएगी। ताकि वे अपनी पढ़ाई को और बेहतर बना सकें। योजना के तहत कक्षा 1 से 5 तक के लिए निपुण लक्ष्य पोस्टर, तालिका पोस्टर, शिक्षण-अधिगम से संबंधित आईईसी सामग्री और साप्ताहिक आकलन ट्रैकर की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ शिक्षकों को विषय और पाठ्य बिंदुओं के अनुरूप टीएलएम बनाने व प्रयोग के लिए प्रोत्साहित किया गया है।
सामग्री ऐसी हो जो बच्चों को अवधारणाओं को समझने, अभ्यास करने और सीखने के विविध अवसर उपलब्ध कराने में सहायक बने। बीएसए अनिल कुमार सिंह ने बताया कि टीएलएम के लिए कार्ड बोर्ड, चार्ट पेपर, स्केच पेन, पेपर एडहेसिव, अबेकस, ग्लोब, भारत व विश्व के मानचित्र, कठपुतलियां, परिवहन तथा पशु-पक्षियों के चार्ट सहित विभिन्न उपयोगी सामग्री ली जाएगी।