कुशीनगर। एक छोटे डिब्बे के आकार में उपग्रह की विभिन्न तकनीकी प्रणालियों का प्रयोग और करीब एक किलोमीटर की उड़ान। इन-स्पेस नारायणी रॉकेट्री कप-2026 में विद्यार्थियों ने कैनसैट और मॉडल रॉकेट के जरिये अंतरिक्ष तकनीक की बारीकियों को व्यवहार में समझा। कैनसैट में सेंसर से आंकड़े जुटाने, टेलीमेट्री के माध्यम से सूचनाएं भेजने और नियंत्रित लैंडिंग की क्षमता परखी गई।
वहीं, मॉडल रॉकेट में पेलोड की सुरक्षित रिलीज और रिकवरी प्रमुख कसौटी रही। यह जानकारी इन-स्पेस के असिस्टेंट डायरेक्टर अंकित ने दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के मानकों के अनुसार, कैनसैट का वजन एक किलोग्राम से कम और ऊंचाई अधिकतम 0.4 मीटर निर्धारित की गई थी। इसमें बिजली, उपकरण संचालन, टेलीमेट्री और पेलोड से जुड़ी प्रणालियों का अनुकरण किया गया। तापमान और वायुमंडलीय दबाव जैसे आंकड़े दर्ज करने के साथ कुछ टीमों ने कैमरे से तस्वीरें और वीडियो जुटाने के प्रयोग भी किए। कैनसैट को लगभग एक किलोमीटर की ऊंचाई तक पहुंचाकर अलग करना और 600 मीटर पर अवतरण नियंत्रण प्रणाली सक्रिय करना निर्धारित था। वहीं, मॉडल रॉकेट को करीब एक किलोग्राम का पेलोड लेकर लगभग एक किलोमीटर की ऊंचाई तक उड़ान भरनी थी।