मथौली। कप्तानगंज क्षेत्र के अजीजनगर का रहने वाले परिवार की खुशियां रविवार की देर शाम मातम में बदल गईं। गोरखपुर के रामगढ़ ताल में आपस में नाव टकराने से बीए के छात्र की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई।
कप्तानगंज थाना के अजीजनगर चौराहे पर किराना की दुकान चलाने वाले अख्तर अंसारी का बड़ा बेटा कयामुद्दीन करीब पांच दिन पहले सऊदी अरब से घर लौटा। रविवार को वह पत्नी रुकसाना, छह वर्षीय बेटे टीपू और अपनी मौसी के 23 वर्षीय पुत्र लखमुद्दीन अंसारी निवासी पिपरा तिवारी, कोतवाली हाटा के साथ नौका विहार के लिए गोरखपुर के रामगढ़ताल गया था।
परिजनों ने बताया कि नौका विहार के दौरान दो नावों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में लखमुद्दीन अंसारी की मौके पर मौत हो गई और कयामुद्दीन, उनकी पत्नी रुकसाना और बेटा टीपू घायल हो गए। घायलों का उपचार कराया जा रहा है। लखमुद्दीन बीए का छात्र था। हादसे की सूचना मिलते ही अजीजनगर और पिपरा तिवारी गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों ने बताया कि शाम करीब 4 बजे टेंपो रिजर्व कर कयामुद्दीन, इसकी बेटी गुलसरा, नूरसरा, सराय, हमजा, आमीन खातून एक साथ गए थे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।