इतने थाने-इतनी चौकियां फिर भी पहुंच रहीं पेटियां-शीशियां
कसया(कुशीनगर)। हरियाणा निर्मित शराब प्रदेश के विभिन्न जिलों से होते हुए बिहार बार्डर पर स्थित कुशीनगर तक पहुंच जाती है। यह तो आश्चर्यजनक है कि इसका सुराग न तो अन्य जिलों की पुलिस को लग पाता है और न ही गोरखपुर सीमा समाप्त होने के बाद एनएच-28 स्थित जिले के लगभग आधा दर्जन थाने और पुलिस चौकियों को। यह सिललिसा आज से नहीं उस समय से चल रहा है जब से बिहार सरकार ने प्रदेश में शराब पर प्रतिबंध लगाया है।
पहले एनएच-28 स्थित ये थाने और पुलिस चौकियां सिर्फ पशु तस्करो से गठजोड़ के लिए चर्चा में रहती थीं, लेकिन बिहार में रोक लगने के बाद इसका स्थान शराब तस्करी ने ले लिया है। सूत्रों की मानें तो इन दोनों धंधों से मोटी रकम कमाने में तरयासुजान पुलिस आगे रही है। कसया एसओ के खिलाफ हुई कार्रवाई के ईर्द-गिर्द भी कहीं न कहीं गुडवर्क और रकम का ही मामला प्रकाश में आ रहा है। एसओ अतुल्य कुमार पांडेय के जाने के बाद एसओ सुनील कुमार राय ने शराब और पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी। सूत्रों के मुताबिक इनका गुडवर्क कुछ विभागीय साहबान को नागवार गुजरा। मामले ने तब तूल पकड़ लिया, जब कुछ दिन पूर्व एसओ ने थाना क्षेत्र के एक घर में रखी शराब की बरामदगी कर डाली। यह बरामदगी भारी पड़ गई और वे शराब माफियाओं व पुलिस के संयुक्त जाल में फंस गए। हालांकि एसपी राजीव नारायण मिश्र कहते हैं कि अवैध शराब की बरामदगी लगातार हो रही है। इस धंधे में संलिप्त लोग किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे।
जिले में मौजूद थाने और चौकियां
एनएच-28 की गोरखपुर सीमा खत्म होते ही जिले का अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र पड़ता है। वहां जिले की सीमा में गोरखपुर की तरफ से आने वाले वाहन प्रवेश करते हैं। इसके बाद हाटा कोतवाली थाना क्षेत्र का सुकरौली बाजार के आगे तितला पुलिस चौकी है। आगे हाटा कोतवाली पड़ती है। इसकी सीमा मुजहना हेतिमपुर टोला प्लाजा के निकट खत्म हो जाती है। इसके आगे छोटी गंडक नदी से पहले देवरिया के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र का हिस्सा आता है। फिर नदी के पूर्वी हिस्से से कसया थाना क्षेत्र शुरू हो जाता है। थाने की दो प्रमुख पुलिस चौकियां एनएच-28 पर ही संचालित हैं। इनमें कुशीनगर व नेशनल हाइवे पुलिस चौकी है। आगे बढ़ने पर तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र की मधुरिया पुलिस चौकी, कुछ और आगे पटहेरवा का फाजिलनगर और पटहेरवा थाना, तमुकुहीराज पुलिस चौकी और तरयासुजान थाना क्षेत्र पड़ता है। इस थाने के बार्डर पर बहादुर पुलिस चौकी है। वहां से ही बिहार प्रांत शुरू हो जाता है।