छितौनी। खड्डा थानाक्षेत्र के लक्ष्मीपुर पड़रहवा के समीप बंधे पर खड्डा विधायक विजय कुमार दूबे, ब्लॉक प्रमुख जिलाजीत यादव, संदीप श्रीवास्तव की अगुवाई में बालू खनन के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया गया। दोपहर बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम खड्डा अरुण राय, तहसीलदार के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ।
जिला पंचायत सदस्य संदीप श्रीवास्तव का कहना था कि वह दो माह से डीएम, एसपी सहित जिम्मेदार अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर बालू खनन बंद कराने की मांग करते आ रहे हैं। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। उधर, बालू खनन बंद नहीं होने पर शनिवार को खड्डा विधायक विजय कुमार दूबे समर्थकों के लक्ष्मीपुर पड़रहवा के बंधे पर धरने पर बैठ कर बालू खनन बंद करवाने की
मांग करने लगे। धरने की सूचना पर पहुंचे एसडीएम खड्डा अरुण राय, तहसीलदार सौरभ पांडेय ने विधायक सहित अन्य लोगों को खनन बंद कराने तथा जल्द ही सीमांकन कराने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। इस दौरान संजय यादव, मुन्ना राजभर, ईश्वर सिंह, व्यास गिरी, सरतेज यादव, ओम प्रकाश राजभर, दिनेश गौतम आदि लोग मौजूद रहे।