सुकरौली। हाटा कोतवाली के सुकरौली पुलिस चौकी के समीप हाईवे पर गोरखपुर से पडरौना जा रही एक बस बृहस्पतिवार को भूसा लदे ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में चार यात्री घायल हो गए। बस में मौजूद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद पहुंचे आस-पास के लोगों ने घायलों को सीएचसी पर पहुंचाया।
चारों यात्रियों के प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज कुशीनगर रेफर कर दिया। इसमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। संयोग ठीक था कि बड़ा हादसा होने से बच गया। हादसे की वजह तेज रफ्तार और घना कोहरा बताया जा रहा है। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। इस घटना में तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के तेजवलिया निवासी 38 वर्षीय साहेब चौहान, 42 वर्षीय वीरेंद्र, तुर्कपर्टी थाना क्षेत्र के कोरेया गांव के 25 वर्षीय अनीस कुशवाहा और देवरिया के महुआडीह थाना क्षेत्र के बरवां गांव के रहने वाले 15 वर्षीय राज भारती घायल हो गए।