पडरौना। शहर के सरदार पटेल नगर निवासी 21 वर्षीय युवक के हत्या के मामले में पुलिस ने पडरौना शहर रहने वाले दो युवकों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि दोनों आरोपी युवक पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
पडरौना शहर के छुछिया गेट के पास बुधवार सुबह शहर के सरदार पटेल नगर निवासी सोनू खरवार (21 वर्ष) की संदिग्ध हालात में लाश मिली थी। उसका गला मफलर से कसा हुआ था और मुंह से खून निकल रहा था। घरवालों ने हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बुधवार देर शाम पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला कसने से सोनू की मौत की पुष्टि हुई। इसकी खबर मिलते ही मोहल्ले वालों की भीड़ जुट गई। इसके बाद परिजनों ने हंगामा शुरू किया। हालांकि पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दे आक्रोशित लोगों को शांत कराया।
परिवार का कमाऊ सदस्य सोनू खरवार पंजाब के अमृतसर में काम करता था। रविवार को ही वह अमृतसर से छुट्टियां बिताने घर आया था। मंगलवार शाम को वह तिलक चौक पर अपने भाई सुनील के पास गया और वापस घर नहीं लौटा। मिंटू और सुनील घर पहुंचे तो पिता कैलाश ने सोनू के बारे में पूछा। सुनील ने बताया कि वह शहर के चौराहे है और कुछ देर में वापस लौट आएगा। इसके बाद परिजनों ने उसे मोबाइल पर फोन भी किया, लेकिन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद सोनू के घर वाले सो गए। सुबह करीब सात बजे लोगों ने छुछिया गेट के तिनकोनिया मकान के समीप सोनू का शव देखा। इसके बाद परिजनों को मामले की जानकारी हुई। मौके पर आए परिजनों ने युवक के हत्या का आरोप लगाया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने युवक का अंतिम संस्कार कर दिया। बृहस्पतिवार को सोनू के पिता कैलाश की तहरीर के आधार पर पुलिस ने शहर निवासी निखिल पटवा और गोलू राईनी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर तलाश में जुट गई हैं।
कोतवाल पडरौना हर्षवर्धन सिंह ने बताया मृत युवक के पिता कैलाश की तहरीर के आधार पर निखिल पटवा और गोलू राईनी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
आरोपी युवक थे सोनू के करीबी
पडरौना। सोनू की हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस संभावित स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई। सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को कुछ क्लू मिले हैं। फुटेज की मदद से पुलिस घटना के सही निष्कर्ष तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है। युवक की हत्या के मामले में शहर के लोग कयास लगाने में जुटे हैं। सूत्र के मुताबिक सोनू के हत्या के नामजद आरोपी निखिल व गोलू उसके करीबी थे।