बोदरवार। क्षेत्र के सोमली चौराहे से पेमली-जमली होते हुए माधोपुर बड़ी नहर तक जाने वाली सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। सड़क पर दो से तीन फीट तक गहरे गड्ढे बन गए हैं। बारिश का पानी और कीचड़ जमा होने से राहगीरों को परेशानी हो रही है।
यह सड़क सोमली चौराहे को पेमली और जमली होते हुए माधोपुर बड़ी नहर की पटरी से परतावल-महराजगंज मुख्य मार्ग से जोड़ती है। भलुही, बड़हरा, मुंडेरा, अमडिहा, सुकरौली, सोमली-जमुनी बरवां, पेमली और जमली आदि गांवों के लोग प्रतिदिन आवागमन करते है। सड़क की बदहाली का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। पेमली स्थित जनता जनार्दन इंटर कॉलेज और अन्नपूर्णा देवी कन्या महाविद्यालय में पढ़ने वाले छात्र प्रतिदिन पैदल और साइकिल से आते-जाते हैं। कारीतीन, पटखौली, बोदरवार और अमडिहा में संचालित विद्यालयों के दर्जनों स्कूली वाहन भी इसी सड़क का इस्तेमाल करते हैं। गहरे गड्ढों और कीचड़ के बीच स्कूली वाहनों के गुजरने से हादसे की आशंका बनी रहती है।